1. Hindi News
  2. बिहार
  3. गया में प्रेम-प्रसंग का हाईवोल्टेज ड्रामा, ‘शादी के लिए हां करो’ कहकर मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक

गया में प्रेम-प्रसंग का हाईवोल्टेज ड्रामा, ‘शादी के लिए हां करो’ कहकर मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक

 Published : Sep 17, 2026 08:02 pm IST,  Updated : Sep 17, 2026 08:03 pm IST

गया के डुमरिया प्रखंड में प्रेम-प्रसंग को लेकर हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। शादी की मांग को लेकर 24 वर्षीय युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और करीब दो घंटे तक नीचे उतरने से इनकार करता रहा।

गया डुमरिया प्रेम प्रसंग- India TV Hindi
गया डुमरिया प्रेम प्रसंग Image Source : INDIA TV

बिहार के गया जिले के डुमरिया प्रखंड में प्रेम-प्रसंग को लेकर उस समय हाईवोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया, जब 24 वर्षीय युवक शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक करीब दो घंटे तक टावर पर बैठा रहा और नीचे उतरने से इनकार करता रहा। सूचना मिलते ही पुलिस, परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और उसे लगातार समझाने-बुझाने की कोशिश करते रहे लेकिन वह प्रेमिका की शादी के लिए सहमति मिलने तक नीचे उतरने को तैयार नहीं था। काफी देर तक चले इस ड्रामे के बाद युवती की ओर से शादी के लिए सहमति की बात सामने आई, जिसके बाद युवक सुरक्षित नीचे उतर आया। टना के दौरान मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

दो-तीन वर्षों से चल रहा था प्रेम-प्रसंग 

घटना बोधीबीघा थाना क्षेत्र की है। युवक की पहचान पचहथूर निवासी इकबाल अहमद के पुत्र मेराज अहमद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मेराज का पिछले दो-तीन वर्षों से एक युवती के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार की सहमति नहीं मिलने के कारण मामला आगे नहीं बढ़ पा रहा था।

युवती ने शादी से कर दिया था इनकार 

परिवार और सामाजिक दबाव के बीच युवती ने शादी से इनकार कर दिया था। इससे युवक काफी परेशान हो गया। इसी दौरान वह मोबाइल टावर पर चढ़ गया और शादी की मांग पर अड़ गया। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस भी पहुंची और युवक को समझाकर नीचे उतारने की कोशिश शुरू की। करीब दो घंटे तक बातचीत और समझाने का दौर चलता रहा, लेकिन युवक अपनी जिद पर कायम रहा।

टॉवर से दो घंटे बाद उतरा 

बाद में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई और युवती की ओर से शादी के लिए सहमति की बात सामने आई। इसके बाद मेराज टावर से नीचे उतरा। बोधीबीघा थानाध्यक्ष ने गुरुवार को बताया कि युवक को समझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल रही है।

गया से अजित कुमार की रिपोर्ट

ये भी पढ़ेंः रात के अंधेरे में युवक को अपनी प्रेमिका से मिलना पड़ा भारी, पीट पीटकर युवक की हत्या

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।