1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. अमित शाह ने हैदराबाद में की पदयात्रा, कांग्रेस की रैली को बताया 'घुसपैठिया बचाओ रैली'; जमकर साधा निशाना

अमित शाह ने हैदराबाद में की पदयात्रा, कांग्रेस की रैली को बताया 'घुसपैठिया बचाओ रैली'; जमकर साधा निशाना

 Written By: Amar Deep
 Published : Nov 02, 2026 05:46 pm IST,  Updated : Nov 02, 2026 05:46 pm IST

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हैदराबाद में पदयात्रा निकाली। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। 1 नवंबर को दिल्ली में हुई कांग्रेस की रैली को उन्होंने 'घुसपैठिया बचाओ रैली' बताया।

अमित शाह ने हैदराबाद में की पदयात्रा।- India TV Hindi
अमित शाह ने हैदराबाद में की पदयात्रा। Image Source : YT/AMIT SHAH

हैदराबाद: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को हैदराबाद में बीजेपी की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा का नेतृत्व किया। इसका मकसद विपक्षी 'इंडी' (INDI) गठबंधन द्वारा नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ फैलाए जा रहे नैरेटिव का जवाब देना था। पदयात्रा के दौरान शाह ने राष्ट्रीय ध्वज थाम रखा था। उनके साथ केंद्रीय कोयला मंत्री किशन रेड्डी, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार और तेलंगाना बीजेपी के अन्य नेता भी मौजूद थे। यह पदयात्रा बाबू जगजीवन राम की प्रतिमा के पास से शुरू हुई और मोजमजाही मार्केट पर जाकर समाप्त हुई। अमित शाह ने पदयात्रा के बाद जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा, "अगर सरदार वल्लभ भाई पटेल, निजाम को न झुकाते तो हैदराबाद आज भारत का हिस्सा न होता। वो सरदार ही थे, जिन्होंने हैदराबाद के निजाम को झुकाकर हैदराबाद को भारत का हिस्सा बनाया। तेलंगाना को भारत का हिस्सा बनाया।"

कांग्रेस की रैली को बताया घुसपैठिया बचाओ रैली

अमित शाह ने जनसभा में कहा, "कल दिल्ली में भी एक रैली हुई थी, राहुल जी की रैली हुई थी। उन्होंने कहा कि यह वोट बचाओ रैली है... अरे कांग्रेस वालों ये वोट बचाओ रैली नहीं थी, घुसपैठिया बचाओ रैली थी। कांग्रेस पार्टी एसआईआर को रोककर देश की मतदाता सूची से बांग्लादेशी घुसपैठियों को बचाना चाहती है, लेकिन मैं आज कहने आया हूं, राहुल जी, रेवंत रेड्डी जी, जितना जोर लगाना है लगा लो, भाजपा एक-एक घुसपैठिये को मतदाता सूची और देश से बाहर निकालकर रहेगी। ये घुसपैठिये उनके वोट बैंक हैं, लेकिन हम भाजपा कार्यकर्ता मजबूती के साथ एसआईआर के साथ खड़े हैं। इस देश में वही वोट डालेगा, जो इस देश का नागरिक होगा।"

कैसे हटाए गए 13 करोड़ वोट?

उन्होंने कहा, "ये राहुल बाबा कहते हैं 13 करोड़ वोट काट दिए, ये झूठ बोल रहे हैं। 13 करोड़ वोट में से सवा 6 करोड़ लोग ऐसे हैं, जो दूसरी जगह रहने चले गए। जो दूसरी जगह रहने चला गया हो, उसे दो जगह वोट डालने का अधिकार है क्या? 2.8 करोड़ लोग ऐसे हैं, जिनकी मृत्यु हो गई है, उसका वोट हटाना चाहिए या नहीं हटाना चाहिए? एक करोड़ वोट ऐसा है, जिसकी डुप्लीकेट एंट्री है। अगर एक व्यक्ति का दो वोट हो तो एक रद्द करना चाहिए कि नहीं करना चाहिए? 3 करोड़ वोट ऐसे हैं जो हैं ही नहीं। ये बांग्लादेशी घुसपैठियें हैं।"

"SIR नहीं, मतदाताओं की वजह से मिल रही जीत"

अमित शाह ने कहा, "वो कह रहे हैं कि हम एसआईआर के कारण नहीं जीत रहे हैं। 2014 में मोदी जी जीते एसआईआर नहीं हुआ था, तो मोदी जी एसआईआर के कारण जीते क्या? 2019 में जीते, 2024 में जीते, ये सब चुनाव भारत के मतदाताओं के कारण जीते। इसके अलावा महाराष्ट्र, हरियाणा, दिल्ली, बिहार, बंगाल, असम और अब तेलंगाना भी जीतने आए हैं। राहुल जी, 2024 के बाद हम महाराष्ट्र में जीते, सबसे बड़े बहुमत के साथ हरियाणा में जीते, 30 साल बाद दिल्ली में जीते, बिहार में जीते, बंगाल में भी दीदी का सूपड़ा साफ हो गया। असम में लगातार तीसरी बार जीते और राहुल जी मेरी बात सुन लो, दो दिन पहले आपने मॉक पार्लियामेंट की थी, मुझसे पूछते तो कहता कि नकली पार्लियामेंट में लीडर ऑफ अपोजिशन बनने से अच्छा आप प्रधानमंत्री बन जाओ, क्योंकि असली पार्लियामेंट तो बन नहीं पाओगे।"

"पार्लियामेंट में मोदी जी धज्जियां उड़ा देंगे"

उन्होंने आगे कहा, "मैं हैदराबाद की भूमि से चैलेंज देता हूं, हम संसद का विशेष सत्र बुला रहे हैं आप आ जाइये चर्चा कर लेते हैं। मुझे पता है कि वह नहीं आएंगे। क्योंकि वह जानते हैं कि वह अराजकता से ही नफरत फैला सकते हैं। अगर पार्लियामेंट में आए तो मोदी जी उनकी धज्जियां उड़ा देंगे। जब वो हारते हैं तो ईवीएम को दोष देते हैं। अगर ईवीएम खराब है तो रेवंत रेड्डी कैसे जीत गए, केरल में आपकी सरकार कैसे आई, तमिलनाडु में आपकी सरकार कैसे आई, हिमाचल में आपकी सरकार कैसे आई? अगर ईवीएम इतना ही बुरा था तो शपथ नहीं लेनी चाहिए थी।"

"कांग्रेस ने 10 साल में 12 लाख करोड़ के घपले किए"

अमित शाह ने कहा, "हिंदी में एक कहावत है- 'नाच न आवे आंगन टेढ़ा'। देश की जनता ने उनको नकार दिया है और मोदी की लोकप्रियता के आगे आपकी कोई बराबरी नहीं है। 10 साल के शासन में अपने घपले और घोटालेबाजी की। कांग्रेस ने 10 साल में 12 लाख करोड़ के घपले किए। इनको फिर से देश सौंपना चाहिए? मोदी जी के 12 साल हो गए, मोदी जी पर चार आने का भ्रष्टाचार का आरोप नहीं है। राहुल जी इस तरह से भ्रांति फैलाकर आप चुनाव नहीं जीत सकते।"

"वेंटिलेटर वाली कांग्रेस मोदी जी के साथ मैराथन दौड़ सकती है क्या?"

अमित शाह ने आगे कहा, "राहुल जी आपकी पार्टी धीरे-धीरे खत्म होती जा रही है। तेलंगाना वालों, थोड़ा कुछ बचा है यहां से एक बार संकल्प करके जाइये कि तेलंगाना में से कांग्रेस को मूल समेत उखाड़कर फेंकना है। कांग्रेस खुद वेंटिलेटर पर है, ये पार्टी मोदी जी के साथ मैराथन दौड़ सकती है क्या? इन लोगों को जहां भी मौका मिला, वहां पर भ्रष्टाचार किया। तेलंगाना में रेवंत रेड्डी टैक्स लगता है, ये RR टैक्स रेवंत रेड्डी के पास जाता है क्या? ये RR टैक्स, रेवंत रेड्डी टैक्स नहीं बल्कि राहुल गांधी थ्रू रेवंत रेड्डी टैक्स है। तेलंगाना की जनता आपको कभी माफ नहीं करने वाली है।"

दो-तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाने की अपील

उन्होंने आगे कहा, 'तेलंगाना में जो भ्रष्टाचार चल रहा है, तेलंगाना को बेचने का षडयंत्र चल रहा है, क्या वो कांग्रेस रोक सकती है? ओवैसी रोक सकते हैं? बीआरएस रोक सकती है? ये सिर्फ मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा रोक सकती है। भाजपा के कार्यकर्ता घर-घर जाकर कांग्रेस की फैलाई भ्रांतियों को खत्म करेंगे।' अमित शाह ने दो-तिहाई बहुमत के साथ तेलंगाना में भाजपा की सरकार बनाने की अपील भी की।

यह भी पढ़ें-

तेज प्रताप यादव ने कहा- 'मेरी लोकप्रियता बढ़ गई है', जान को खतरा बताते हुए की सुरक्षा बढ़ाने की मांग

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।