राहुल गांधी की रैली के बाद अब बीजेपी ने मोर्चा खोल दिया है। एक तरफ राहुल गांधी वोट चोरी का नैरेटिव बना कर बार-बार सड़क पर भीड़ जुटा रहे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ बीजेपी भी भयंकर पलटवार कर रही है। राहुल की रामलीला रैली के बाद बीजेपी आज दिल्ली से लेकर हैदराबाद तक ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत ताबड़तोड़ मार्च और रैलियां निकालीं। खुद गृह मंत्री अमित शाह आज मैदान में उतरे और उन्होंने हैदराबाद में पदयात्रा निकाली।
अमित शाह ने आज हैदराबाद पहुंचकर सबसे पहले भाग्य लक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद वह निज़ाम कॉलेज पहुंचे, यहां से उन्होंने मार्च की शुरुआत की। अमित शाह की यह पदयात्रा निजाम कॉलेज में बाबू जगजीवन राम की प्रतिमा से मोजमजाही चौराहे तक हुई। उधर बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन भी ग्राउंड पर एक्टिव हैं। नितिन नवीन ने बिहार के भागलपुर में मार्च किया। इसके बाद वह दोपहर में कोलकाता पहुंचे। नितिन नवीन ने कोलकाता के कॉलेज स्ट्रीट से धर्मतला तक 2 किलोमीटर लंबा पैदल मार्च निकाला। नितिन नवीन के साथ सीएम शुभेंदु अधिकारी और प्रदेश अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य भी मार्च में शामिल हुए।
वहीं आज मुंबई में बीजेपी के सैकड़ों कार्यकर्ता और बड़े नेता दादर के शिवाजी पार्क से पैदल मार्च करते हुए कामगार मैदान तक पहुंचे। कल 1 नवंबर को सिख विरोधी देंगे की बरसी पर राहुल ने रैली की थी। इसके विरोध में आज फिर दिल्ली बीजेपी ने भी प्रोटेस्ट किया। 1984 के सिख-विरोधी नरसंहार के पीड़ित परिवारों के साथ दोपहर 12 बजे गुरुद्वारा बंगला साहिब से गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब तक न्याय मार्च निकाली गई। इसी तरह रांची में भी भाजपा ने मार्च निकाला।