1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. 33 की उम्र में टीवी एक्टर अनुज ठाकुर का निधन, दोस्त रुपेश सोनार ने की मौत की पुष्टि

33 की उम्र में टीवी एक्टर अनुज ठाकुर का निधन, दोस्त रुपेश सोनार ने की मौत की पुष्टि

 Written By: Himanshi Tiwari
 Published : Nov 02, 2026 12:55 pm IST,  Updated : Nov 02, 2026 01:16 pm IST

कास्टिंग डायरेक्टर रुपेश सोनार ने पुष्टि की कि 'धूम मचाओ धूम' के लिए मशहूर एक्टर अनुज ठाकुर का उनके मुंबई स्थित घर पर निधन हो गया। सोनार ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने करीबी दोस्त के निधन पर शोक जताया।

Anuj Thakur- India TV Hindi
अनुज ठाकुर का निधन Image Source : INSTAGRAM/@RUPESH.SONAR

टीवी एक्टर अनुज ठाकुर का 33 साल की उम्र में निधन हो गया है। 27 अक्टूबर 2026 को उन्होंने दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया। हालांकि, उनके निधन की खबर कुछ दिनों बाद सामने आई, जिससे पूरी टीवी इंडस्ट्री में मातम पसरा हुआ है। अनुज ठाकुर का मंगलवार, 27 अक्टूबर की सुबह तड़के मुंबई के ओशिवारा स्थित अपने घर में सोते समय निधन हो गया। बताया जा रहा है कि उन्हें सीजर पड़े थे। उनके करीबी दोस्त और कास्टिंग डायरेक्टर रुपेश सोनार ने मौत की पुष्टि की है। अनुज ठाकुर 'धूम मचाओ धूम', 'बंधन सात जन्मों का', 'बींद बनूंगा घोड़ी चढ़ूंगा' और 'महिसागर' जैसे शोज़ में अपने काम के लिए जाने जाते थे।

33 की उम्र में अनुज ठाकुर की मौत

रुपेश सोनार ने अपने सोशल मीडिया पर अनुज ठाकुर के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने लिखा, 'अब भी यकीन नहीं हो रहा कि तुम हमारे बीच नहीं रहे। तुम सिर्फ मेरे दोस्त नहीं थे, बल्कि मेरे छोटे भाई जैसे थे। हमने साथ मिलकर कई प्रोजेक्ट्स करने की योजना बनाई थी। मुझे आज भी तुम्हारे शुरुआती दिनों का संघर्ष याद है और मैंने तुम्हारा पूरा सफर अपनी आंखों से देखा है। जिंदगी वाकई कितनी अनिश्चित है। इतनी कम उम्र में तुम्हारा यूं चले जाना दिल तोड़ देने वाला है। इस खबर पर अब भी यकीन करना मुश्किल हो रहा है। भाई, तुम हमेशा यादों में जिंदा रहोगे। तुम्हारी आत्मा को शांति मिले। मंगलवार की सुबह।'

अनुज ठाकुर से रुपेश सोनार की आखिरी मुलाकात

डायरेक्टर रुपेश सोनार ने इंडिया टुडे को भी यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अनुज की अचानक मौत से उनका परिवार सदमे में है और उन्होंने प्राइवेसी की अपील की है। रुपेश सोनार ने बताया, 'अनुज कुछ समय से इंडस्ट्री से दूर थे, लेकिन हम संपर्क में थे। उनकी मौत से 10 दिन पहले ही मेरी उनसे मुलाकात हुई थी। शुक्रवार को जब मैंने उन्हें फोन किया तो उनके परिवार ने कॉल उठाई और मुझे उनके निधन की खबर दी। मैंने उनके परिवार से बात की। उन्होंने बताया कि शायद उन्हें दौरे पड़े थे और सोते समय ही उनका निधन हो गया।'

अनुज ठाकुर की मौत की वजह

रुपेश सोनार ने आगे बताया, 'सुबह उनका अलार्म बजा तो उनकी मां उन्हें देखने गईं, लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इस साल की शुरुआत में भी उन्हें दौरे पड़े थे, जिसके लिए वह दवा ले रहे थे। इस बार शायद इसलिए कि वह अकेले थे, उन्हें बचाया नहीं जा सका।' कास्टिंग डायरेक्टर के अनुसार अनुज ठाकुर का परिवार उनके अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार गया है। अनुज को एक सकारात्मक और खुशमिजाज इंसान बताते हुए सोनार ने कहा कि वह अभी भी इस नुकसान को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। हाल ही में संजय गुप्ता की मौत हुई थी और अब अनुज ठाकुर के निधन से इंडस्ट्री में मातम पसरा हुआ है।

ये भी पढ़ें - 'शूटआउट एट वडाला' के निर्देशक संजय गुप्ता का निधन, फिल्म इंडस्ट्री में पसरा मातम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। TV से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।