1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. 'हो सकता है अगल चुनाव हार जाएं', उमर अब्दुल्ला की आशिकी पर फिदा हुईं हिना खान, शादी पर दिया रिएक्शन- 'दुनिया गई भाड़ में'

'हो सकता है अगल चुनाव हार जाएं', उमर अब्दुल्ला की आशिकी पर फिदा हुईं हिना खान, शादी पर दिया रिएक्शन- 'दुनिया गई भाड़ में'

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Nov 02, 2026 12:42 pm IST,  Updated : Nov 02, 2026 12:42 pm IST

उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान की शादी पर हिना खान ने खुशी जताई। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्यार के लिए मजबूती से खड़े होने की तारीफ की और धर्म के नाम पर सवाल उठाने वालों को जियो और जीने दो की नसीहत दी।

OMAR ABDULLAH HINA KHAN- India TV Hindi
निधि राजदान और उमर अब्दुल्ला, हिना खान Image Source : OMAR ABDULLAH/X, HINA KHAN INSTAGRAM

टीवी एक्ट्रेस हिना खान इन दिनों जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और पत्रकार निधि राजदान की शादी को लेकर चर्चा में हैं। दोनों ने 31 अक्टूबर को सोशल मीडिया के जरिए अपनी शादी की जानकारी साझा की थी। इस खबर के सामने आने के बाद जहां सोशल मीडिया पर उन्हें बधाइयां मिल रही हैं, वहीं कुछ लोग इस रिश्ते पर धर्म के नजरिए से भी सवाल उठा रहे हैं। अब अभिनेत्री हिना खान ने इस शादी पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने उमर अब्दुल्ला की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने राजनीतिक फायदे और नुकसान की परवाह किए बिना अपने प्यार का साथ दिया। हिना के मुताबिक, किसी पद या राजनीतिक भविष्य से ज्यादा जरूरी अपने रिश्ते के लिए मजबूती से खड़े होना है।

'दुनिया जाए भाड़ में, उन्होंने मोहब्बत चुनी'

हिना खान ने शनिवार को सोशल मीडिया पर इस शादी को लेकर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने उमर अब्दुल्ला की तारीफ करते हुए लिखा कि वह इस जोड़े के लिए बेहद खुश हैं। हिना ने कहा कि उमर मुख्यमंत्री होने के बावजूद निधि राजदान से पीछे नहीं हटे, बल्कि उन्होंने हर परिस्थिति में उनका साथ दिया। अभिनेत्री ने उनके इस फैसले को मजबूत व्यक्तित्व की निशानी बताया। हिना ने अपने पोस्ट में लिखा, 'आह, मोहब्बत! दोनों के लिए बहुत-बहुत खुश हूं। वह मुख्यमंत्री हैं, लेकिन उन्होंने निधि से मुंह नहीं मोड़ा। वह उनके साथ मजबूती से खड़े रहे। इस शख्स की रीढ़ की हड्डी वाकई बहुत मजबूत है।' उन्होंने आगे कहा कि हो सकता है कि उमर अगले कार्यकाल में दोबारा चुनाव न जीत पाएं, लेकिन इससे क्या फर्क पड़ता है। उन्होंने मोहब्बत को चुना और निधि का साथ देने का फैसला किया। हिना ने लिखा कि उन्होंने यह साबित कर दिया कि दुनिया की परवाह किए बिना अपने प्यार के लिए खड़ा होना भी जरूरी है। अभिनेत्री ने इस फैसले के लिए उमर अब्दुल्ला के प्रति सम्मान जाहिर किया।

hINA KHAN INSTAGRAM
Image Source : HINA KHAN INSTAGRAMहिना खान का रिएक्शन।

धर्म के नाम पर सवाल उठाने वालों को भी दिया जवाब

हिना खान ने अपने पोस्ट में उन लोगों को भी जवाब दिया, जो इस शादी को धर्म के नजरिए से देखकर सवाल उठा रहे हैं। अभिनेत्री ने ऐसे लोगों को दूसरों की निजी जिंदगी में दखल न देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि हर किसी को अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीने और दूसरों को भी ऐसा करने देने का अधिकार है। हिना ने लिखा, 'मजहब के ठेकेदारों के लिए मेरी छोटी-सी सलाह है कि जियो और जीने दो। उनका भविष्य क्या होगा, इसका फैसला ऊपरवाले पर छोड़ दीजिए। आप खुदा नहीं हैं।' उनकी इस प्रतिक्रिया के बाद सोशल मीडिया पर यह पोस्ट चर्चा में आ गया है। हिना ने साफ किया कि किसी के निजी रिश्ते और जिंदगी के फैसलों पर धार्मिक या सामाजिक दबाव बनाना सही नहीं है।

उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान ने 31 अक्टूबर को दी शादी की जानकारी

बता दें कि जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और वरिष्ठ पत्रकार निधि राजदान ने 31 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर अपनी शादी की घोषणा की थी। उमर ने एक्स पर दोनों की कुछ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, 'कल एक नई यात्रा शुरू हुई।' इस पोस्ट में उन्होंने निधि राजदान को भी टैग किया था। खबरों के मुताबिक, शादी से पहले श्रीनगर में एक निजी समारोह आयोजित किया गया था, जिसमें दोनों परिवारों के करीबी सदस्य शामिल हुए थे।

पहली शादी से हैं दो बेटे

उमर अब्दुल्ला की यह दूसरी शादी है। इससे पहले उनकी शादी पायल अब्दुल्ला से हुई थी। दोनों के दो बेटे हैं। हालांकि, लंबे समय से अलग रह रहे इस जोड़े का वैवाहिक रिश्ता कानूनी रूप से जुलाई 2026 में समाप्त हुआ। सुप्रीम कोर्ट ने दोनों की आपसी सहमति से तलाक की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विवाह विच्छेद को औपचारिक मंजूरी दी थी।

ये भी पढ़ें: संजय गुप्ता की बेटी के आपत्तिजनक इशारे पर पत्नी ने दी सफाई, माफी मांगते हुए बोलीं- 'बच्चों के जख्मों पर नमक न छिड़कें'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। TV से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।