Highlights
- उमर अब्दुल्ला ने निधि राजदान के साथ शादी की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की।
- 31 जुलाई 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने पायल अब्दुल्ला से तलाक मंजूर किया था।
- उमर अब्दुल्ला और पायल की शादी 1994 में हुई थी, उनके दो बेटे हैं।
जम्मू: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान के साथ शादी कर ली है। उन्होंने शनिवार को सोशल मीडिया के जरिए इस खुशखबरी को साझा किया। उमर अब्दुल्ला ने इंस्टाग्राम पर निधि राजदान के साथ एक तस्वीर पोस्ट की और लिखा, 'कल से एक नए सफर की शुरुआत हुई।' उन्होंने इस पोस्ट में निधि राजदान को भी टैग किया। उमर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी अपनी शादी की पुष्टि की।
3 महीने पहले मिली थी पहली पत्नी से तलाक की मंजूरी
उमर अब्दुल्ला ने शादी के अगले दिन अपनी जिंदगी के इस नए अध्याय की जानकारी प्रशंसकों और समर्थकों के साथ साझा की। उनकी इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर यह खबर चर्चा में आ गई। यह शादी सुप्रीम कोर्ट द्वारा उनकी पहली पत्नी पायल अब्दुल्ला से तलाक को मंजूरी दिए जाने के करीब 3 महीने बाद हुई है।
जुलाई में सुप्रीम कोर्ट ने खत्म किया था विवाह
दरअसल, 31 जुलाई 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने उमर अब्दुल्ला और पायल अब्दुल्ला की शादी खत्म करने का आदेश दिया था। सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों ने अदालत को बताया था कि वे आपसी सहमति से वैवाहिक संबंध खत्म करना चाहते हैं। इसके साथ ही दोनों ने लंबित विवादों को सुलझाने और एक-दूसरे के खिलाफ दर्ज मामले वापस लेने पर भी सहमति जताई थी।
अनुच्छेद 142 के तहत मांगा था तलाक
यह मामला सुप्रीम कोर्ट तब पहुंचा था, जब उमर अब्दुल्ला ने दिल्ली हाईकोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी थी, जिसमें उन्हें तलाक देने से इनकार कर दिया गया था। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान दोनों ने संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत आपसी सहमति से तलाक देने की मांग करते हुए संयुक्त आवेदन दाखिल किया था। दोनों की ओर से पेश वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने अदालत को बताया था कि उमर और पायल ने अपने मतभेद सुलझा लिए हैं। दोनों सभी विवादों को आपसी सहमति से खत्म करने के लिए तैयार हैं।
1994 में हुई थी उमर और पायल की शादी
उमर अब्दुल्ला और पायल अब्दुल्ला की शादी वर्ष 1994 में हुई थी। दोनों की मुलाकात दिल्ली के ओबेरॉय होटल में काम करने के दौरान हुई थी। इस शादी से उनके दो बेटे हैं, जिनके नाम जाहिर और जमीर हैं। दोनों वर्ष 2009 से अलग रह रहे थे। उमर अब्दुल्ला ने वर्ष 2011 में सार्वजनिक रूप से अपने अलगाव की जानकारी दी थी। सुप्रीम कोर्ट ने भी सुनवाई के दौरान इस बात का जिक्र किया था कि दोनों लंबे समय से एक-दूसरे से अलग रह रहे हैं। (IANS से इनपुट्स के साथ)
ये भी पढ़ें: उमर अब्दुल्ला की पार्टी में खटपट! NC के अंदर से भी उठी आवाज, BJP ने किया 16 MLAs के नाराज होने का दावा