1. Hindi News
  2. पैसा
  3. फायदे की खबर
  4. यूपी को मिली बड़ी सौगात, वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को सीएम योगी और रेल मंत्री ने दिखाई हरी झंडी

यूपी को मिली बड़ी सौगात, वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को सीएम योगी और रेल मंत्री ने दिखाई हरी झंडी

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Oct 31, 2026 05:15 pm IST,  Updated : Oct 31, 2026 05:16 pm IST

वाराणसी और नई दिल्ली के बीच नई वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस ट्रेन की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वाराणसी से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।

उत्तर प्रदेश को मिली...- India TV Hindi
उत्तर प्रदेश को मिली पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन Image Source : INDIAN RAILWAYS X ACCOUNT

उत्तर प्रदेश के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब वाराणसी से देश की राजधानी दिल्ली तक का सफर पहले के मुकाबले ज्यादा आरामदायक और तेज होने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वाराणसी से नई दिल्ली के बीच चलने वाली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस को शनिवार शाम हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस नई ट्रेन के शुरू होने से पूर्वी उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी। खास बात यह है कि यात्री रात में सफर करके अगली सुबह अपनी मंजिल तक पहुंच सकेंगे।

इस नई वंदे भारत स्लीपर को यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। इसमें आरामदायक बर्थ, बेहतर सस्पेंशन और कम शोर वाली कोच व्यवस्था दी गई है। यात्रियों को मोबाइल और लैपटॉप चार्ज करने के लिए यूएसबी टाइप-A और टाइप-C पोर्ट के साथ 3-पिन सॉकेट भी मिलेंगे। वहीं, सुरक्षा के लिए ट्रेन में सीसीटीवी कैमरे, स्मोक और फायर डिटेक्शन सिस्टम, इमरजेंसी अलार्म और ट्रेन टक्कर से बचाव की आधुनिक तकनीक (TCAS) दी गई है। दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष बर्थ और शौचालय की व्यवस्था भी की गई है। फर्स्ट एसी कोच में गर्म पानी की सुविधा वाला शॉवर भी मिलेगा।

ट्रेन की टाइमिंग

रेलवे की ओर से जारी टाइमटेबल के मुताबिक, वाराणसी से नई दिल्ली जाने वाली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस रात 8:50 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6:10 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वहीं, वापसी में यह ट्रेन नई दिल्ली से रात 9:40 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 7:10 बजे वाराणसी पहुंचेगी। रास्ते में ट्रेन प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद स्टेशनों पर रुकेगी।  यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी। वाराणसी से चलने वाली ट्रेन शुक्रवार को और दिल्ली से चलने वाली ट्रेन शनिवार को संचालित नहीं होगी।

दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर (27422) का टाइम टेबल

स्टेशन आगमन प्रस्थान
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन --- 09:40 pm
गाजियाबाद जंक्शन 10:13 pm 10:15 pm
अलीगढ़ जंक्शन 11:20 pm 11:22 pm
कानपुर सेंट्रल 02:45 am 02:50 am
प्रयागराज जंक्शन 05:05 am 05:10 am
वाराणसी जंक्शन 07:10 am ---

वाराणसी-दिल्ली वंदे भारत स्लीपर (27421) का टाइम टेबल

स्टेशन आगमन प्रस्थान
वाराणसी जंक्शन --- 08:50 pm
प्रयागराज जंक्शन 10:35 pm 10:40 pm
कानपुर सेंट्रल 12:40 am 12:45 am
अलीगढ़ जंक्शन 03:55 am 03:57 am
गाजियाबाद जंक्शन 05:25 am 05:27 am
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन 06:10 am ---

शिव गंगा एक्सप्रेस से भी कम होगा सफर का समय

नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की एक बड़ी खासियत इसका कम यात्रा समय है। रेलवे के मुताबिक, वाराणसी से दिल्ली की यात्रा में मौजूदा शिव गंगा एक्सप्रेस के मुकाबले करीब 55 मिनट की बचत होगी। वहीं, दिल्ली से वाराणसी आने वाले यात्रियों के लगभग 35 मिनट बचेंगे।

यह भी पढ़ें- यूपी को जल्द मिलेगी पहली बुलेट ट्रेन, पीएम मोदी ने उत्तरी कोरिडोर को दी मंजूरी; दिल्ली से काशी का सफर 3.5 घंटे में होगा पूरा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। My Profit से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।