1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पटना में फिर हंगामा, दारोगा भर्ती परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर छात्र कर रहे प्रदर्शन, पुलिस से हुई झड़प

पटना में फिर हंगामा, दारोगा भर्ती परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर छात्र कर रहे प्रदर्शन, पुलिस से हुई झड़प

बिहार की राजधानी पटना में दारोगा भर्ती परीक्षा को रद्द करने की मांग को लेकर छात्र प्रदर्शन पर उतर आए हैं। छात्र पटना के गांधी मैदान में प्रदर्शन कर रहे हैं।

Patna- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV पटना में दारोगा भर्ती परीक्षा को रद्द करने की मांग को लेकर छात्र सड़क पर उतरे

पटना: बिहार की राजधानी पटना में एक बार फिर हंगामा हो गया है। यहां के गांधी मैदान में हजारों छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्रों की मांग है कि दारोगा भर्ती परीक्षा को रद्द किया जाए। इस दौरान छात्रों की जेपी गोलंबर के पास पुलिस से झड़प भी हुई है।

बिहार दारोगा भर्ती परीक्षा को रद्द करने की मांग क्यों कर रहे छात्र?

बिहार दारोगा भर्ती परीक्षा  27 मई को हुई थी। इस परीक्षा के जरिए कुल 1799 पद भरे जाने थे। इसी मामले में अब छात्रों का आरोप है कि इस परीक्षा में पेपर लीक और धांधली हुई है। छात्रों की मांग है कि ये परीक्षा रद्द की जाए।

छात्रों ने सीएम हाउस के घेराव का ऐलान किया

मंगलवार 15 सितंबर को बिहार दरोगा (1799 पदों) की मुख्य परीक्षा को रद्द करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री आवास के घेराव का एलान किया है। इस मांग को लेकर पटना के कई छात्र कई दिनों से अनशन और प्रदर्शन भी कर रहे हैं। 

EOU अभी इस परीक्षा में गड़बड़ी की जांच कर रही

मिली जानकारी के मुताबिक, EOU अभी इस परीक्षा में गड़बड़ी की जांच कर रही है। 79 अलग-अलग कतारों और कमरों में कुल 301 अभ्यर्थियों का रिजल्ट भी जांच के दायरे में हैं। इसके अलावा परीक्षा के दौरान पूर्णिया और गया में गड़बड़ी सामने आयी थी। EOU ने आयोग को नोटिस भेजकर इन सभी बिंदुओं पर विस्तृत जवाब देने को कहा है।

छात्रों की मुख्य मांगें क्या हैं?

  • छात्रों का कहना है कि 70वीं BPSC परीक्षा और 1799 पदों वाली दरोगा बहाली प्रक्रिया में अनियमितता हुई है। छात्रों का साफ कहना है कि इन्हें रद्द किया जाए।
  • छात्रों का कहना है कि बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) की लटकी हुई परीक्षाओं को जल्द से जल्द आयोजित करवाया जाए। 
  • छात्रों का कहना है कि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता लाई जाए और गड़बड़ियों की उच्चस्तरीय जांच की जाए।

ये पहली बार नहीं है जब पटना में छात्रों का गुस्सा सड़कों पर दिखाई दिया हो। इससे पहले भी तमाम मौकों पर छात्र अपने अधिकारों के लिए पटना की सड़कों पर संघर्ष कर चुके हैं। अब देखना ये होगा कि सरकार छात्रों के इस बार के प्रदर्शन को लेकर क्या कदम उठाती है। 

इससे पहले जब छात्र प्रदर्शन पर उतरे थे तो ये खबर भी सामने आई थी कि पटना के गर्दनीबाग में 21 दिन से अनशन कर रहे ऑल पीएचडी होल्डर्स एंड रिसर्च एसोसिएशन के छात्र प्रदर्शन वापस लेंगे

ये भी पढ़ें-

पटना में छात्रों का हंगामा, 15 सूत्री मांगों को लेकर सीएम आवास के घेराव की कोशिश, तोड़ी गई बैरिकेडिंग, पुलिस के साथ झड़प