1. Hindi News
  2. बिहार
  3. कुख्यात बदमाशों सोनू-मोनू को पुलिस ने किया गिरफ्तार, कमर में पिस्टल खोंसते नजर आए पुलिसकर्मी; दी सफाई

कुख्यात बदमाशों सोनू-मोनू को पुलिस ने किया गिरफ्तार, कमर में पिस्टल खोंसते नजर आए पुलिसकर्मी; दी सफाई

बेगूसराय पुलिस ने दो कुख्यात अपराधियों को सोनू सिंह और मोनू सिंह को गिरफ्तार किया है। हालांकि गिरफ्तारी के दौरान का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मी अपराधी की कमर में पिस्टल खोंसता नजर आ रहा है। हालांकि बाद में पुलिस ने इन आरोपों को गलत बताया है।

कुख्यात अपराधी सोनू-मोनू को पुलिस ने किया गिरफ्तार।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT कुख्यात अपराधी सोनू-मोनू को पुलिस ने किया गिरफ्तार।

बेगूसराय: जिले की बलिया थाना पुलिस ने बरियारपुर गांव में कुख्यात अपराधी सोनू सिंह और मोनू सिंह को हथियार के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस और अपराधियों के बीच हाथा पाई हो रही है। वीडियो में आरोप लग रहा है कि पुलिस ने सोनू और मोनू के कमर में पिस्टल खोंस दी। वायरल वीडियो में देख सकते हैं कि कई पुलिसकर्मी वर्दी और बिना वर्दी के दो युवकों को पकड़े हुए हैं। एक पुलिसकर्मी के हाथ में पिस्टल है, जो बदमाश के कमर में रखने का प्रयास कर रहा है। इस दौरान लोग बोल रहे हैं कि पिस्टल कमर में मत खोसिए।

फरार चल रहे थे दोनों बदमाश

वहीं पूरी गिरफ्तारी को लेकर बलिया थाना में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। बलिया डीएसपी सुबोध कुमार ने बताया कि 20 जून 2026 को बरियारपुर गांव में बच्चों के विवाद में दो पक्षों में विवाद हुआ था। इसके बाद एक पक्ष के लोगों ने सोनू और मोनू को बुलाया था, जहां दोनों भाइयों ने फायरिंग की थी। इस घटना में खोखा भी बरामद किया गया था और मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में सोनू और मोनू फरार चल रहे थे। गुप्त सूचना मिली थी कि सोनू, मोनू हथियार के साथ अपने घर के पास हैं और किसी घटना को अंजाम दे सकते हैं। इसी सूचना पर टीम बनाकर उसके घर के घेराबंदी की गई। 

पुलिस ने किया गिरफ्तार

उन्होंने बताया कि दोनों भाई वहां से भागने लगे और पुलिस पर ही हथियार तान दिया था। जिसके बाद पुलिस ने काफी मशक्कत कर दोनों भाइयों को गिरफ्तार किया। इनके पास से एक पिस्तौल कारतूस और चाकू बरामद किया गया है। वहीं पुलिस के द्वारा जबरन हथियार दिए जाने का वीडियो वायरल होने के सवाल पर डीएसपी सुबोध कुमार ने कहा कि यह गलत आरोप है। पुलिस छापेमारी के दौरान बदमाश ने ही पुलिस पर पिस्टल तान दी थी, जिसके बाद पुलिस ने काफी मशक्त कर उससे हथियार लिया था। जो आरोप लगाए जा रहे हैं, वह पूरी तरह से गलत है। सोनू सिंह और मोनू सिंह पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। सोनू पर 11 मामले जबकि मोनू पर 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं और यह दोनों कुख्यात बदमाश हैं। (इनपुट- संतोष)

यह भी पढ़ें-

सो रही युवती को भाई ने मारी गोली, बहन की हत्या के आरोप में गिरफ्तार; जांच में जुटी पुलिस