1. Hindi News
  2. बिहार
  3. शराबबंदी की निगरानी करने वाली पुलिस पर सवाल! दो जवानों का नशे में झूमते वीडियो वायरल, SDPO ने दिए जांच के आदेश

शराबबंदी की निगरानी करने वाली पुलिस पर सवाल! दो जवानों का नशे में झूमते वीडियो वायरल, SDPO ने दिए जांच के आदेश

बगहा के रामनगर से वायरल हुए एक वीडियो ने पुलिस महकमे में हलचल बढ़ा दी है। वीडियो में डायल-112 की बाइक के पास दो पुलिसकर्मी कथित तौर पर नशे की हालत में लड़खड़ाते नजर आ रहे हैं। मामला सामने आने के बाद एसडीपीओ ने मेडिकल जांच के साथ पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दिए हैं।

Ramnagar Police viral video- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT रामनगर पुलिसकर्मी वायरल वीडियो

बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू है। वहीं बगहा के रामनगर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने शराबबंदी कानून के पालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। रामनगर थाना में तैनात दो पुलिसकर्मियों का कथित तौर पर नशे की हालत में लड़खड़ाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं, नसे में झूमते पुलिसकर्मी का वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले में एसडीपीओ ने जांच के आदेश दिए हैं। जानिए आखिर क्या है पूरा मामला। 

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

वायरल वीडियो बिहार स्थित बगहा के रामनगर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। वीडियो में डायल-112 की मोटरसाइकिल के पास दो पुलिसकर्मी कथित तौर पर लड़खड़ाते हुए नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों के सामने हाथ जोड़ते हुए भी एक पुलिसकर्मी दिखाई दे रहे हैं। राहगीरों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया हैं। इस वीडियों में पुलिसकर्मी को लड़खड़ाते हुए साफ देखा जा सकता है। 

राहगीरों का कहना है कि दिन में पुलिस वाले शराब पीकर झूमते नजर आ रहे हैं। वहीं, वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि डायल-112 की मोटरसाइकिल सड़क पर गिरी पड़ी है। वीडियो में दिखाई दे रहे पुलिसकर्मियों की पहचान सुरेंद्र कुमार मुनमुन, पीटीसी और सुनील कुमार, हवलदार के रूप में बताई जा रही है। हालांकि, वायरल वीडियो की पुष्टि इंडिया टीवी नहीं करती हैं।

पुलिसकर्मियों की मेडिकल जांच

मामले को लेकर रामनगर एसडीपीओ सतेंद्र राम ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और संबंधित पुलिसकर्मियों को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। जांच में दोषी पाए जाने पर नियम के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ेंः "जर्मन शेफर्ड से मासूम को डराया" आंगनबाड़ी में 3 साल के बच्चे की संदिग्ध मौत, मां के आरोप से मचा हड़कंप