गयाजी: दीपावली से पहले पुलिस ने शराब की बड़ी खेप बरामद की है। आरोपियों की शराब बेचकर मोटी कमाई करने की तैयारी थी। इसके लिए घर में विदेशी शराब की बड़ी खेप जमा कर रखी गई थी। शराब छिपाने के लिए फ्रिज, पानी की टंकी, किचन और बाथरूम तक का इस्तेमाल किया गया था। हालांकि पुलिस की छापेमारी ने तस्करों की पूरी तैयारी पर पानी फेर दिया। नवागढ़ी मोहल्ले में शनिवार को एएलटीएफ और विष्णुपद थाने की संयुक्त टीम ने एक मकान में छापेमारी कर 438.475 लीटर विदेशी शराब बरामद की। इस मामले में मकान मालिक चेतन सिंह समेत तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस की टीम जब मकान में पहुंची तो वहां का नजारा देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। घर के लगभग हर हिस्से में शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं। फ्रिज के अंदर से लेकर पानी की टंकी, किचन, बाथरूम और घर के कोने-कोने की तलाशी ली गई तो शराब की खेप निकलती चली गई। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शराब की पेटियों को मकान से बाहर निकाला गया और जब्त किया गया।
दीपावली में खपाने की थी तैयारी
शराब की यह बड़ी खेप शुक्रवार को ही मकान में लाई गई थी। दीपावली के दौरान बाजार में इसकी बिक्री करने की योजना थी। शराब की खेप आने की सूचना पुलिस को मिली और त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की गई। पुलिस ने मौके से अलग-अलग ब्रांड की विदेशी शराब जब्त की है।
पहले गांजा के धंधे से जुड़ा था मुख्य आरोपी
गिरफ्तार मुख्य आरोपी चेतन सिंह मूल रूप से भोजपुर जिले का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि वह पहले गांजा के अवैध कारोबार से भी जुड़ा था। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शराब की खेप कहां से मंगाई गई थी और इसकी सप्लाई किन लोगों तक होनी थी।
सिटी डीएसपी-1 सरोज कुमार साह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर नवागढ़ी मोहल्ले में छापेमारी कर शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। इस धंधे में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। (इनपुट- अजीत कुमार)
यह भी पढ़ें-
नशेबाजी ने ली जान! फाजिल्का में ट्रेन के नीचे आया युवक, मौत का VIDEO आया सामने