1. Hindi News
  2. बिहार
  3. फतुहा में CSP सेंटर में हुई चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, 2.68 लाख रुपये और दो मोबाइल बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

फतुहा में CSP सेंटर में हुई चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, 2.68 लाख रुपये और दो मोबाइल बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

पटना के फतुहा स्टेशन रोड स्थित सीएसपी सेंटर में शटर तोड़कर हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने श्रीराम सहनी नामक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 2 लाख 68 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

फतुहा CSP सेंटर चोरी मामला- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV फतुहा CSP सेंटर चोरी मामला

बिहार की राजधानी पटना के फतुहा स्टेशन रोड स्थित सीएसपी सेंटर में शटर तोड़कर हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले का पटना थाना पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी की रकम में से 2 लाख 68 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्रीराम सहनी के रूप में हुई है।

3 लाख से ज़्यादा रुपए हुए थे चोरी

मिली जानकारी के अनुसार, स्टेशन रोड स्थित सीएसपी सेंटर को चोरों ने निशाना बनाया था। रात के अंधेरे में सेंटर का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया और वहां रखे करीब 3 लाख 63 हजार 400 रुपये चोरी कर लिए गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। चोरी की रकम अधिक होने के कारण पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध सुरागों के आधार पर अनुसंधान को आगे बढ़ाया।

आरोपी के पास से 2 लाख 68 हजार बरामद

अनुसंधान के दौरान पुलिस को कुछ ज़रूरी सुराग हाथ लगे। तकनीकी जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने संदिग्ध की पहचान की और कार्रवाई करते हुए श्रीराम सहनी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक के पास से चोरी की रकम में से 2 लाख 68 हजार रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस की कार्रवाई के बाद अब जांच का फोकस चोरी की बची हुई रकम पर है। सेंटर से कुल 3 लाख 63 हजार 400 रुपये चोरी होने की बात सामने आई थी। ऐसे में बरामद रकम के बाद करीब 95 हजार 400 रुपये की बरामदगी अभी बाकी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शेष रकम कहां गई और क्या उसे किसी अन्य व्यक्ति के पास रखा गया है।

चोरी में अकेला था या गिरोह, पता लगा रही पुलिस

पटना के फतुहा एस डी पी ओ अवधेश कुमार के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि चोरी की वारदात अकेले गिरफ्तार आरोपी ने की या उसके साथ अन्य लोग भी शामिल थे। पूछताछ और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस सहयोगियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

बता दें, 25 सितंबर 2026 को बैकठपुर निवासी कुन्दन कुमार ने फतुहा थाने में लिखित आवेदन देकर सीएसपी सेंटर में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन के आधार पर मामला दर्ज किया गया। मामले में धारा 305 बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया।

पटना से बिट्टू कुमार की रिपोर्ट 

ये भी पढ़ें-

साइंस एंड टेक्नोलॉजी विभाग में 218 पदों पर भर्ती रही बेनतीजा, BPSC को नहीं मिले योग्य अभ्यर्थी

दिसंबर-जनवरी में हो सकता TRE-4 एग्जाम, BPSC ने कहा- दो स्टेज में होगी परीक्षा; निगेटिव मार्किंग पर क्या है अपडेट?