जमुई में हुई हैवानियत पर बिहार में सियासत तेज, तेजस्वी के आरोप पर जानें किसने क्या कहा
जमुई में एक लड़की के साथ हुई हैवानियत के बाद सियासत तेज हो गई है। राजद नेता तेजस्वी यादव ने सत्ता पक्ष पर तीखे आरोप लगाए तो जानें किसने क्या कहा?
पटना: जमुई में हुई एक लड़की के साथ हुई हैवानियत की घटना पर बिहार में सियासत तेज हो गई है। विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "यह शर्मनाक घटना है और सरकार को पूरे देश में शर्मिंदगी का सामना करना पड़ रहा है। देखिए, सरकार के लोग किस तरह इसका बचाव करने की कोशिश कर रहे हैं। भगवान न करे, अगर उनके अपने परिवार की कोई महिला इसमें शामिल होती, तो क्या वे तब भी ऐसा ही बयान देते? वह लड़की बिहार की बेटी है; वह हम सभी के लिए बहन या बेटी जैसी है।"
तेजस्वी ने आगे कहा कि, "जमुई के SP ने कहा है कि इसमें 7 से 8 लोग शामिल हैं; तो उन सभी को फांसी दो; उन्हें फांसी के फंदे पर लटकाओ। इसके बजाय, आप हमें मॉरल पुलिसिंग पर लेक्चर दे रहे हैं? कुछ दिन पहले ही, CM सम्राट चौधरी, जिन पर हत्या के आरोप हैं, ने दावा किया था कि कोई भी पटना से मुंगेर तक यात्रा कर सकता है, और अगर किसी ने किसी महिला को छूने की भी हिम्मत की, तो वे इस्तीफा दे देंगे... अगर उनमें हिम्मत है और वे अपनी बात के पक्के हैं, तो इस्तीफा दें।"
जानें किसने क्या कहा?
- राजद नेता तेजस्वी यादव के यह कहने पर कि अपराधियों की कोई जाति नहीं होती, BJP सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा, "तेजस्वी यादव कभी-कभी समझदारी की बात करते हैं; उन्हें इसी तरह समझदारी से बात करते रहना चाहिए और सरकार के कामों की तारीफ़ करनी चाहिए।"
- जीतनराम मांझी ने कहा, HAM पार्टी के चीफ और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि बिहार में अब वक्त बदल चुका है, अपराधी अब बच नहीं सकता। मांझी ने तेजस्वी यादव को निशाने पर लिया और कहा कि तेजस्वी को अपने भाई बन्धुओं को काबू में रखना चाहिए, वरना आज तो पैर में गोली लगी है, अगली बार पुलिस की गोली सीने पर भी लग सकती है।
- जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने आज तेजस्वी यादव और सम्राट चौधरी दोनों को कोसा। प्रशान्त किशोर ने कहा कि कानून व्यवस्था के मुद्दे पर तेजस्वी को बोलने का हक नहीं हैं, क्योंकि बिहार में जंगल राज की शुरूआत तो राज की सरकार के जमाने में हुई थी। लेकिन अब बीजेपी के नेताओं को बताना पड़ेगा कि बीस साल में उन्होंने क्या किया। जमुई में जो हुआ, क्या यही बीजेपी का सुशासन है?
- मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि उन्होंने पुलिस को अपराधियों के खिलाफ एक्शन की खुली छूट दी है और इसका असर जमुई में दिखा है। सम्राट चौधरी ने कहा कि उनकी सरकार क्रिमिनल्स के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएगी। अपराधियों की न जाति देखी जाएगी और न धर्म, जो कानून तोड़ेगा, सुशासन को चैलेंज करेगा.. बिहार पुलिस उसका अच्छे से इलाज करेगी।
- जमुई से LJP (राम विलास) के सांसद अरुण भारती ने कहा, "देखिए, जैसे ही कल सोशल मीडिया के ज़रिए यह घटना हमारे ध्यान में आई, हम पीड़िता के परिवार और पुलिस प्रशासन के लगातार संपर्क में रहे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने खुद ही इसका संज्ञान लिया और FIR दर्ज की। कल दोपहर तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी और तलाशी जारी रखी और आज बाकी पांच आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है।
देखें वीडियो
ये भी पढ़ें:
Jamui Horror Case, लड़की के साथ हैवानियत, शातिर अपराधी हैं नंदन और हरेराम, ऐसे हुआ खुलासा
