1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार में सरकारी अफसर बनकर ट्रेन में यात्री से ठगा 2.06 किलो सोना, बरेली से 3 गिरफ्तार

बिहार में सरकारी अफसर बनकर ट्रेन में यात्री से ठगा 2.06 किलो सोना, बरेली से 3 गिरफ्तार

सबूतों के आधार पर रेल पुलिस ने बरेली पुलिस के सहयोग से रोहित कुमार, सचिन गंगवार और वरुण कुमार को गिरफ्तार किया गया है। वरुण मकान बनाने का ठेकेदार है। उसके घर से 612.74 ग्राम सोना बरामद किया गया।

2.06 किलो सोना बरामद- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT 2.06 किलो सोना बरामद

बिहार के कैमूर जिले में ट्रेन के अंदर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां ठगों ने खुद को सरकारी अधिकारी बताकर एक ज्वेलरी कारोबारी के कर्मचारी से करीब 2 किलो सोना ठग लिया। आरोपियों ने कार्रवाई करने, जेल भेजने और सोने के मालिक के घर छापेमारी करने की धमकी देकर कर्मचारी को इतना डरा दिया कि उसने अपने पास रखा सोना उनके हवाले कर दिया। इस मामले में रेल पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बरेली से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 612.74 ग्राम सोना और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

भभुआ रोड रेलवे स्टेशन के पास हुई वारदात

पुलिस के मुताबिक, यह घटना भभुआ रोड रेलवे स्टेशन पर हुई थी। ज्वेलरी कारोबारी संजय कुमार खंडेलवाल का कर्मचारी करीब 2 किलो सोना लेकर जा रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे सरकारी अधिकारी बताकर रोक लिया। आरोपियों ने कर्मचारी को सोने के संबंध में कार्रवाई करने और जेल भेजने की धमकी दी। इतना ही नहीं, उन्होंने सोने के मालिक के घर पर छापेमारी करने की बात कहकर भी उसे डराया। ठगों की बातों में आकर कर्मचारी ने सोना उनके हवाले कर दिया। इसके बाद आरोपी सोना लेकर फरार हो गए।

करीब 3 करोड़ की कीमत का है सोना

घटना के बाद कारोबारी संजय कुमार खंडेलवाल की शिकायत पर 24 अक्टूबर को रेल थाना भभुआ में प्राथमिकी दर्ज की गई। ठगी किए गए सोने की कीमत करीब 2 करोड़ 92 लाख 87 हजार 600 रुपये (2,92,87,600) बताई गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रेल पुलिस अधीक्षक ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इस पूरी साजिश में कारोबारी के यहां काम करने वाला कर्मचारी सचिन गंगवार भी शामिल था। हैरानी की बात यह है कि सचिन महज 15 हजार रुपये महीने की नौकरी करता था और उसी ने कथित तौर पर ठगों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम देने में भूमिका निभाई।

घर से 612.74 ग्राम सोना बरामद 

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर रेल पुलिस ने उत्तर प्रदेश पुलिस की मदद से बरेली में छापेमारी कर रोहित कुमार, सचिन गंगवार और वरुण कुमार को गिरफ्तार किया। वरुण पेशे से मकान बनाने का ठेकेदार है। पुलिस ने उसके घर से 612.74 ग्राम सोना बरामद किया है। इसके अलावा चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

अन्य लोगों की भी की जा रही गिरफ्तारी

रविवार को रेल डीएसपी गुलशन कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि बाकी सोने की बरामदगी और इस ठगी में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस साजिश में आरोपियों के साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे।

अजीत कुमार की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

भागलपुर रेलवे स्टेशन पर अपराधियों का तांडव, युवक पर चाकू से हमला और फायरिंग से मची अफरातफरी