1. Hindi News
  2. बिहार
  3. भागलपुर रेलवे स्टेशन पर अपराधियों का तांडव, युवक पर चाकू से हमला और फायरिंग से मची अफरातफरी

भागलपुर रेलवे स्टेशन पर अपराधियों का तांडव, युवक पर चाकू से हमला और फायरिंग से मची अफरातफरी

 Published : Nov 01, 2026 07:15 pm IST,  Updated : Nov 01, 2026 07:15 pm IST

बिहार के भागलपुर रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह 7-8 हमलावरों ने एक युवक पर हमला कर दिया। पहले उसके साथ मारपीट की गई और फिर चाकू से वार किया गया। इस दौरान पिस्टल से फायरिंग भी हुई।

भागलपुर रेलवे स्टेशन पर अपराधियों का हमला- India TV Hindi
भागलपुर रेलवे स्टेशन पर अपराधियों का हमला Image Source : INDIA TV

बिहार के सबसे व्यस्त इलाकों में शुमार भागलपुर रेलवे स्टेशन पर रविवार की सुबह अपराधियों ने दुस्साहस की हद पार कर दी। प्लेटफॉर्म संख्या-6 के गेट के पास करीब सुबह 9 बजे 7 से 8 की संख्या में पहुंचे हमलावरों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। पहले युवक के साथ जमकर मारपीट की गई, फिर चाकू से वार कर उसे लहूलुहान कर दिया गया। इसी दौरान अपराधियों ने पिस्टल से फायरिंग भी की। गोली युवक के हाथ को छूते हुए निकल गई। दिनदहाड़े स्टेशन परिसर के पास हुई इस वारदात के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों में अफरातफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए।

मोबाइल छिनतई के विरोध से शुरू हुआ विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, भागलपुर रेलवे स्टेशन पर एक यात्री के मोबाइल छिनतई का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मोबाइल छिनतई का विरोध करने और पीड़ित यात्री की मदद करने के कारण युवक हमलावरों के निशाने पर आ गया। आरोप है कि इसी विवाद के करीब एक घंटे बाद अपराधी अपने अन्य साथियों के साथ हथियारों से लैस होकर पहुंचे और युवक को घेर लिया। इसके बाद उसके साथ मारपीट, चाकूबाजी और फायरिंग की गई। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम और हमले के पीछे की वजह की पुलिस जांच कर रही है।

चाकू से वार के बाद पिस्टल से फायरिंग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों की संख्या करीब 5 से 8 थी। सभी ने पहले युवक को घेरकर बेरहमी से पीटा। इसके बाद चाकू से हमला किया गया। इसी बीच एक हमलावर ने पिस्टल निकालकर गोली चला दी। गोली युवक के हाथ को छूते हुए निकल गई। अचानक हुई फायरिंग से स्टेशन के आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

जीआरपी ने दर्ज की प्राथमिकी

घटना को लेकर जीआरपी थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर नसीम अहमद ने बताया कि प्लेटफॉर्म संख्या-6 के गेट के बाहर अपराधियों ने युवक पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

व्यस्त रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थान पर सुबह-सुबह चाकूबाजी और फायरिंग की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि यात्रियों की आवाजाही वाले इलाके में अपराधी हथियार लेकर पहुंचे, युवक पर हमला किया और फायरिंग के बाद आसानी से फरार भी हो गए। अब पुलिस के सामने हमलावरों की पहचान, घटना में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी और पूरे विवाद की असल वजह का पता लगाने की चुनौती है।

भागलपुर से अंजनी कुमार कश्यप की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें-

नशेबाजी ने ली जान! फाजिल्का में ट्रेन के नीचे आया युवक, मौत का VIDEO आया सामने

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।