1. Hindi News
  2. बिहार
  3. दारोगा भर्ती एग्जाम को लेकर पटना में प्रदर्शन, बैरिकेडिंग तोड़ डाक बंगला चौराहे की तरफ बढ़े अभ्यर्थी

दारोगा भर्ती एग्जाम को लेकर पटना में प्रदर्शन, बैरिकेडिंग तोड़ डाक बंगला चौराहे की तरफ बढ़े अभ्यर्थी

पटना में दारोगा भर्ती परीक्षा रद्द करने के विरोध में अभ्यर्थी सड़कों पर उतर आए हैं। बता दें कि परीक्षा में हुई गड़बड़ी के खुलासे के बाद एग्जाम रद्द कर दिया गया था, जिसके बाद एग्जाम में पास अभ्यर्थियों में आक्रोश है।

दारोगा भर्ती परीक्षा को लेकर पटना में प्रदर्शन।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT दारोगा भर्ती परीक्षा को लेकर पटना में प्रदर्शन।

पटना: इस वक्त की बड़ी खबर बिहार की राजधानी पटना से आ रही है। यहां दारोगा भर्ती परीक्षा को रद्द किए जाने के बाद अभ्यर्थियों का प्रदर्शन तेज हो गया है। परीक्षा रद्द करने के विरोध में अभ्यर्थी पटना की सड़कों पर उतर आए हैं। प्रदर्शन कर रहे छात्र परीक्षा रद्द किए जाने के बाद से आक्रोशित हैं। यहां बता दें कि दारोगा भर्ती की परीक्षा में हुई गड़बड़ी के खुलासे के बाद एग्जाम को रद्द कर दिया गया था, जिसके बाद एग्जाम में पास अभ्यर्थियों में आक्रोश है। वहीं दारोगा भर्ती परीक्षा रद्द किये जाने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी है और वह आगे डाक बंगला चौराहे की तरफ बढ़ गए हैं।

पटना में अभ्यर्थियों का प्रदर्शन हुआ उग्र

पटना में पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच अभ्यर्थियों का प्रदर्शन जारी है। पुलिस लगातार अभ्यर्थियों को रोकने का प्रयास कर रही है, इसके बावजूद आक्रोशित अभ्यर्थी पटना की सड़कों पर अड़े हुए हैं। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने पटना में पुलिस की लगाई गई बैरिकेडिंग को तोड़ दिया है। वहीं अब अभ्यर्थी डाक बंगला चौराहे की तरफ बढ़ रहे हैं।

गड़बड़ी के आरोपों के बीच रद्द की गई थी परीक्षा

बता दें कि इससे पहले दारोगा भर्ती को लेकर हुई लिखित परीक्षा को गड़बड़ी के आरोपों के बीच रद्द कर दिया गया था। यह परीक्षा 27 मई को 2 पालियों में आयोजित की गई थी। इस परीक्षा के बाद से ही लगातार धांधली के आरोप लगाये जा रहे थे। वहीं कई अभ्यर्थी परीक्षा की जांच की मां को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे और इस परीक्षा को रद्द कराने की मां कर रहे थे। ऐसे में छात्रों की मांग को मानते हुए परीक्षा को रद्द कर दिया गया। हालांकि अब वो अभ्यर्थी प्रदर्शन कर रहे हैं, जिनका मानना है कि यह परीक्षा रद्द नहीं की जानी चाहिए थी।

रद्द करने को लेकर भी हुआ था प्रदर्शन

गौरतलब है कि दारोगा भर्ती परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर छात्रों ने खूब प्रदर्शन किया था। पटना में छात्रों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई थी। दरअसल बिहार दारोगा भर्ती परीक्षा 27 मई को हुई थी और इस परीक्षा के जरिए कुल 1799 पद भरे जाने थे। लेकिन छात्रों का आरोप था कि इस परीक्षा में पेपर लीक और धांधली हुई है। अभ्यर्थियों ने 15 सितंबर को बिहार दरोगा (1799 पदों) की मुख्य परीक्षा को रद्द करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री आवास के घेराव का भी ऐलान कर दिया था और कई छात्र अनशन भी कर रहे थे और प्रदर्शन भी कर रहे थे।

यह भी पढ़ें-

आश्रमशाला में करीब 100 छात्रों के आधे सिर मुंडवा कर छोड़े, फोटो वायरल हुई तो नींद से जगाकर रात भर काटे बाल