पटना: बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में गंगा नदी की लहरों में एक नाव पलट गई। मंगलवार की रात हुए दर्दनाक नाव हादसे में मरनेवालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। जिलाधिकारी ने मृतकों की संख्या की पुष्टि की है। वहीं, हादसे में घायल सात लोगों का इलाज पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) में चल रहा है। गंगा नदी में लापता लोगों की तलाश के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मृतकों में ज्यादातर 15 साल से कम उम्र के स्कूली छात्र बताए जा रहे हैं, जो पांचवीं से नौवीं कक्षा तक में पढ़ते थे। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है।
श्राद्ध भोज में शामिल होने जा रहे थे
यह दर्दनाक हादसा राघोपुर के रामपुर गांव के पास हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, नाव पर सवार लोग श्राद्ध भोज में शामिल होने के लिए नदी पार कर रहे थे। नाव पर लगभग 30 की संख्या में लोग जा रहे थे। उसी दौरान यह हादसा हुआ। नाव पर सवार अधिकांश की उम्र 15 साल से कम थी। सभी पांचवीं से 9 वीं क्लास में पढ़नेवाले छात्र थे। नदी पार करने के दौरान गंगा की लहरों में नाव हादसे का शिकार हो गई। नाव पर सवार लोग नदी में डूबने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। गंगा नदी में लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है, ताकि लापता लोगों का पता लगाया जा सके। हादसे में घायल सात लोगों को इलाज के लिए पटना के NMCH में भर्ती कराया गया है।
जिलाधिकारी को देखकर फूट-फूटकर रोने लगे परिजन
हादसे की सूचना मिलने के बाद जिलाधिकारी वर्षा सिंह घटनास्थल पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया। इस दौरान अपनों को खोने वाले परिजनों का दर्द सामने आया। कई परिजन जिलाधिकारी से लिपटकर रोने लगे। घटनास्थल पर चीख-पुकार और मातम का माहौल बना हुआ है। इस हृदयविदारक दृश्य ने वहां मौजूद लोगों को झकझोर कर रख दिया। ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने वैशाली डीएम वर्षा सिंह के खिलाफ नारेबाजी भी की। राघोपुर इलाका तेजस्वी यादव का विधानसभा क्षेत्र है। तेजस्वी यादव फिलहाल बिहार से बाहर हैं। आरजेडी के पूर्व विधायक मुकेश रोशन ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात की है।
पीएम मोदी दुख जताया, मुआवजे का किया ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि इस मुश्किल समय में मेरी संवेदनाएं दुखी परिवारों के साथ हैं। मैं सभी घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। लोकल एडमिनिस्ट्रेशन प्रभावित लोगों की मदद कर रहा है। जिन लोगों की जान गई है, उनके परिवार वालों को PMNRF से 2 लाख रुपये की मदद दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे। सीएम सम्राट चौधरी ने भी हादसे पर दुख जताया है। राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है।
मृतकों के नाम
- आर्यन कुमार
- मोहन कुमार
- सिंकी कुमारी
- सोनी कुमारी
- पीयूष कुमार
- मीरा कुमारी
- सोनम कुमारी
गंगा नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी
राघोपुर विधानसभा क्षेत्र में हुए इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। जिला प्रशासन की निगरानी में गंगा नदी में बचाव अभियान जारी है। लापता लोगों की तलाश की जा रही है। हादसे में 13 लोगों की मौत की पुष्टि जिलाधिकारी ने की है, जबकि सात घायलों का इलाज NMCH में चल रहा है। गंगा नदी में हुए इस हादसे ने कई परिवारों को गहरे दुख में डाल दिया है। अब सभी की निगाहें रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हैं, ताकि लापता लोगों के संबंध में जानकारी मिल सके।
वैशाली से राजा बाबू और पटना से बिट्टू कुमार की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें:
बेटी को परीक्षा दिलाने निकले थे पिता, रास्ते में उठानी पड़ी उसी की अर्थी, बच्ची की मौत के दर्द में परिवार