1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार के हाजीपुर में दर्दनाक हादसा, 15 से 20 लोगों को ले जा रही नाव नदी में पलटी; 11 की मौत

बिहार के हाजीपुर में दर्दनाक हादसा, 15 से 20 लोगों को ले जा रही नाव नदी में पलटी; 11 की मौत

 Published : Oct 13, 2026 10:11 pm IST,  Updated : Oct 13, 2026 11:49 pm IST

बिहार के हाजीपुर से एक बेहद ही दर्दनाक खबर सामने आ रही है। यहां एक नदी में 15 से 20 लोगों से भरी एक नाव अचानक पलट गई, जिससे इलाके में कोहराम मच गया है।

बिहार के हाजीपुर में दर्दनाक हादसा: 15 से 20 लोगों को ले जा रही नाव नदी में पलटी, कुछ लोगों के मौत क- India TV Hindi
बिहार के हाजीपुर में दर्दनाक हादसा: 15 से 20 लोगों को ले जा रही नाव नदी में पलटी, कुछ लोगों के मौत की खबर Image Source : INDIA TV

बिहार के हाजीपुर से एक बेहद ही दर्दनाक खबर सामने आ रही है। यहां एक नदी में 15 से 20 लोगों से भरी एक नाव अचानक पलट गई, जिससे इलाके में कोहराम मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार, इस हादसे में 11 लोगों की मौत भी हुई है, जबकि कई अन्य लोग लापता बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी लोग मृत्यु भोज खाने जा रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया। वहीं नाव के पलटने की वजह अभी तक सामने नहीं आई है। 

तेजस्वी यादव के विधानसभा क्षेत्र की घटना

ये घटना नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के विधानसभा क्षेत्र राघोपुर के रामपुर गांव की है। हादसे के बाद से ही राहत बचाव कार्य जारी है। वहीं एंबुलेंस के जरिए घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। वहीं स्थानीय लोग भी लापता लोगों की खोजबीन में जुटे हुए हैं। 

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जताया दुख, किया मुआवजे का ऐलान

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने लिखा वैशाली के राघोपुर में नाव हादसे में मासूमों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। इस कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें एवं परिजनों को यह भारी दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को ₹4-4 लाख की आर्थिक सहायता (अनुग्रह राशि) दी जाएगी। प्रशासन को राहत-बचाव कार्य तेजी से पूरा करने और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए गए हैं। ॐ शांति!

तेजस्वी यादव ने जताया दुख

हादसे पर तेजस्वी यादव ने दुख जताया है। उन्होंने लिखा राघोपुर दियारा क्षेत्र में नाव पलटने की दुर्भाग्यपूर्ण दुखद खबर प्राप्त हुई। डूबने वालों में से अधिकांश बच्चे। ईश्वर सबको सुरक्षित रखें। स्थानीय लोगों, प्रशासन और अधिकारियों से वार्ता कर राहत बचाव और उपचार कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।

बिहार कांग्रेस ने भी जताया दुख

बिहार कांग्रेस की ओर से हादसे पर दुख जताया गया है। वैशाली जिले के राघोपुर  में गंगा नदी में नाव पलटने की हृदयविदारक घटना में बच्चों की मौत की खबर अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। इस दुःख की घड़ी में हमारी गहरी संवेदनाएँ शोक-संतप्त परिजनों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत बच्चों की आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति दें।

वैशाली के डीएम ने क्या कहा

वैशाली के डीएम ने कहा ज़िले के राघोपुर दियारा इलाके में नाव पलटने से 11 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में ज़्यादातर नाबालिग़ हैं जो दावत में शामिल होने के लिए नाव से जा रहे थे। ज़िला पुलिस अधिकारी और SDRF की टीम को खोज अभियान चलाने के लिए भेजा गया है। तलाशी अभियान चलाने के लिए ज़िला पुलिस अधिकारियों और SDRF की एक टीम को भेजा गया है।

(Report: Raja Babu)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।