बिहार में एक सुप्रिडेंट इंजीनियर के घर से विशेष निगरानी इकाई ने करोड़ों की संपत्ति जब्त की है। आय से अधिक संपत्ति मामले में पथ निर्माण विभाग में सहरसा अंचल के कार्यपालक अभियंता विजय कुमार के ठिकानों पर छापेमारी की गई। जिसमें आय से करीब 140 फीसदी अधिक की अवैध संपत्ति का चला पता, सिर्फ पत्नी के नाम से 1.29 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति आई सामने है। छापेमारी की कार्रवाई कल बुधवार सुबह से शुरू हुई और यह देर रात तक जारी रही। एसवीयू के थाना में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा-13(2) सह पठित धारा 13(1)(बी) के तहत कांड संख्या 27/2026 दर्ज की गई है।
इंजीनियर से घर से करोड़ों की संपत्ति बरामद
इंजीनियर के 5 ठिकानों पर एक साथ तलाशी की गई है, उसमें पटना के दानापुर में गोला रोड स्थित सांई शरणम आवासीय परिसर, सहरसा में पथ निर्माण विभाग का सरकारी कार्यालय एवं आवासीय परिसर, औरंगाबाद जिला के दाउदनगर थाना स्थित ब्राम्हण टोली स्थित पैतृक घर और पटना के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र में महेश नगर स्थित प्रेमा रेजीडेंसी अपार्टमेंट शामिल है। अब तक की जांच में इंजीनियर और उनकी पत्नी रानी कुमारी के नाम से 3 करोड़ 8 लाख 75 हजार रुपये की अचल संपत्ति पाई गई है। जांच में चल और अचल मिलाकर विजय कुमार के पास 3 करोड़ 28 लाख 70 हजार 600 रुपये की अवैध संपत्ति मिली है, जो उनकी इनकम से करीब 140 प्रतिशत ज्यादा है।
खिड़की से फेंकी गई नोटों की गड्डियां
स्थानीय लोगों ने बताया कि छापेमारी के दौरान गोला रोड स्थित साइ शरण के फ्लैट का दरवाजा नहीं खुला तो खिड़की से कुछ लोग बाहर नोटों के बंडल फेंक रहे थे, जिन्हें जब्त किया गया है। इतना ही नहीं फ्लैट में पाई गई कई फाइलों में भी नोटों की गड्डी छुपा कर रखी हुई थीं। तलाशी के दौरान सांई शरणम आवास से 31 लाख 42 हजार रुपये नगद, दो बैंकों में जमा 10 लाख रुपये के दस्तावेज, 23 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के जेवरात, एलआईसी, टाटा एआईजी समेत अन्य कंपनियों में निवेश एवं बीमा से संबंधित दस्तावेज मिले हैं।
पत्नी के नाम हैं करोड़ों के प्लॉट, घर और जमीन
पति-पत्नी दोनों के नाम से भारतीय स्टेट बैंक में 7 और बैंक ऑफ बड़ौदा में 2 बैंक खाते मिले हैं। इन दोनों खातों में 1 करोड़ 29 लाख 46 हजार रुपये जमा हैं। इसके अलावा इन दोनों के नाम से एक स्कॉर्पियो और एक आई-10 कार भी है। अब तक की जांच में विजय कुमार के पास 3 करोड़ 28 लाख 70 हजार रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति का पता चल चुका है। जांच पूरी होने के बाद इस अवैध संपत्ति में बढ़ोतरी भी हो सकती है।
आय से अधिक संपत्ति को लेकर जांच
जांच में यह पता चला कि विजय कुमार ने अपने और अपनी पत्नी के नाम से एक फ्लैट और तीन जमीन खरीद रखी है। इनमें जमीन के दो प्लॉट पर सांई शरणम के नाम से तीन और छह मंजिला मकान है। पटना में पटालिपुत्र थाना के महेश नगर इलाके में प्रेमा रेसिडेंसी अपार्टमें में फ्लैट संख्या 303, पत्नी के नाम से पटना के गोला रोड स्थित रामजयपाल नगर सहकारी गृहनिर्माण समिति में प्लॉट और दानापुर के सहजादपुर मौजा में एक प्लॉट, उत्तर दानापुर से रामजयपाल नगर में एक जमीन, दानापुर के गोला रोड में विजय कुमार के नाम से छह मंजिला मकान और गोला रोड में वास्तुगंगा कॉलोनी में सांई शरणम तीन मंजिला मकान है।
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि विजय कुमार 22 दिसंबर 2004 को सरकारी सेवा में आए। इसके बाद पटना, गया, सहरसा और अन्य स्थानों पर पोस्टिंग के दौरान अवैध और भ्रष्ट तरीके से अकूत संपत्ति अर्जित की है, जो उन्हें सरकार से मिल रहे वेतन और दूसरे वैध स्रोतों से बहुत अधिक है।
इनपुट: इश्तियाक खान