1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार MLC चुनाव में RJD-Congress का गठबंधन टूटा? कांग्रेस ने 5 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया

बिहार MLC चुनाव में RJD-Congress का गठबंधन टूटा? कांग्रेस ने 5 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया

बिहार एमएलसी चुनाव से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। राजद और कांग्रेस के बीच अनबन के बीच कांग्रेस ने बिना राजद से बात किए अपने पांच उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। जानें कौन हैं वो उम्मीदवार?

राहुल गांधी और तेजस्वी यादव- India TV Hindi
Image Source : PTI (FILE) राहुल गांधी और तेजस्वी यादव

बिहार में एमएलसी चुनाव में राजद-कांग्रेस गठबंधन टूट गया है। राजद की तरफ से कांग्रेस से बिना बातचीत के एमएलसी चुनाव के लिए उम्मीदवार के नाम की घोषणा के बाद कांग्रेस ने भी अपने एमएलसी के 5 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की। 

AICC की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार बिहार विधान परिषद चुनाव-2026 के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बिहार विधान परिषद के ग्रेजुएट्स और टीचर्स निर्वाचन क्षेत्रों के लिए होने वाले द्विवार्षिक चुनावों में पार्टी उम्मीदवारों के तौर पर नीचे दिए गए नामों को मंज़ूरी दी है:

  1.  दरभंगा टीचर्स सीट से डॉ. मदन मोहन झा
  2. कोसी ग्रेजुएट्स सीट से मनोज कुमार जायसवाल
  3.  दरभंगा ग्रेजुएट्स सीट से रजनीकांत पाठक
  4.  पटना टीचर्स सीट से डॉ. संजय यादव
  5. पटना ग्रेजुएट्स सीट से डॉ. असदुल्लाह खान

राजद ने चार सीटों पर उतारे उम्मीदवार
राजद ने एमएलसी चुनाव के लिए कांग्रेस से पहले ही आठ में से चार सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिया है। बिहार में विधान परिषद की कुल आठ सीटों पर चुनाव होने वाला है। राजद ने कुछ दिन पहले ही छह सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी थी। इनमें राजद ने पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. संजीव कुमार सिंह, पटना स्नातक से दिलीप कुमार और कोशी स्नातक से नितेश कुमार को उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा राजद ने दरभंगा स्नातक से अनिल कुमार झा, सारण शिक्षक से प्रोफेसर जयराम यादव और तिरहुत स्नातक से डॉ. रश्मि विनायक गौतम को टिकट दिया है। हालांकि दरभंगा शिक्षक और तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए राजद ने अपने उम्मीदवारों का ऐलान नहीं किया है।

राजद और कांग्रेस के बीच सीटों के लिए खटपट

बिहार एमएलसी चुनाव के लिए राजद की ओर से उम्मीदवारों की घोषणा के बाद बिहार कांग्रेस ने नाराजगी जताई थी और कहा था कि उम्मीदवारों के नाम के ऐलान से पहले उससे किसी भी तरह की कोई बातचीत नहीं की गई थी। इसी बीच बिहार कांग्रेस की ओर से पार्टी की टॉप लीडरशिप को प्रस्ताव भेजे जाने की बात सामने आई थी, जिसमें कहा गया था कि कांग्रेस को बिहार में विधान परिषद का चुनाव अकेले लड़ना चाहिए।

ये भी पढ़ें:
नीतीश की जदयू में पड़ी दरार? अनंत सिंह की खुली बगावत, जनसुराज कैंडिडेट के नॉमिनेशन में शामिल हुए