A
Hindi News बिहार RJD सांसद संजय यादव से जोगा डॉन ने मांगी 20 करोड़ की रंगदारी, राजद प्रवक्ता बोले- 'इसे गंभीरता से लेने की जरूरत'

RJD सांसद संजय यादव से जोगा डॉन ने मांगी 20 करोड़ की रंगदारी, राजद प्रवक्ता बोले- 'इसे गंभीरता से लेने की जरूरत'

संजय यादव को अंतरराष्ट्रीय अपराधी जोगा डॉन का कॉल आया था। इस कॉल में उनसे 20 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। इसके साथ ही पैसे न देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई।

Sanjay Yadav- India TV Hindi Image Source : X/SANJAYYADAV संजय यादव

राष्ट्रीय जनता दल के राज्यसभा सांसद संजय यादव से जोगा डॉन ने 20 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। इस मामले में सचिवालय थाने में केस दर्ज किया गया है। संजय यादव राजद नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के करीबी माने जाते हैं। अंतर्राष्ट्रीय कुख्यात अपराधी जोगिंदर ग्योंग उर्फ जोगा डॉन ने विदेशी नंबर से कॉल कर संजय यादव को धमकी दी और अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहने को कहा है। 

राजद सांसद संजय यादव को धमकी मामले पर राजद प्रवक्ता शक्ति यादव ने कहा कि जोगा डॉन ने कॉल कर उनसे 20 करोड़ रुपये मांगे हैं और अंजाम भुगतने की धमकी दी है। शासन को इसे गंभीरता से लेने की जरूरत है। उन्होंने यह भी बताया कि इस बारे में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और हरियाणा डीजीपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई है। इसके साथ ही संजय यादव की सुरक्षा बढ़ाने की भी मांग की गई है।

कौन हैं संजय यादव?

हरियाणा के रहने वाले संजय यादव राष्ट्रीय जनता दल की तरफ से राज्यसभा सांसद हैं। वह तेजस्वी यादव के काफी करीबी माने जाते हैं। कहा जाता है कि तेजस्वी उनकी सलाह के आधार पर ही अहम फैसले लेते हैं। पिछले साल तेजस्वी ने पार्टी के कई अहम नेताओं को दरकिनार करते हुए उन्हें राज्यसभा भेजा था। इसके बाद वह चर्चा में आए थे।

कौन है जोगा डॉन?

जोगा डॉन का असली नाम जोगिंदर ग्योंग है। वह हरियाणा के कैथल जिले के ग्योंग गांव का रहने वाला है। वह एक कुख्यात अपराधी है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मोस्ट वांटेड है। वह हरियाणा पुलिस की मोस्ट वांटेड लिस्ट में भी दूसरे नंबर पर है। जोगिंदर ने 30 दिसंबर 2017 को पानीपत में रिटायरमेंट पार्टी के दौरान जयदेव नाम के एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद कैथल पुलिस ने इंटरपोल की मदद से उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया था। नौ जुलाई 2024 को उसे फिलीपींस में गिरफ्तार किया गया और अब उसे भारत लाने की तैयारी चल रही है। जोगिंदर का बड़ा भाई सुरेंद्र भी हरियाणा का कुख्यात डॉन है।