A
Hindi News बिहार रोहिणी आचार्य का फिर छलका दर्द, कहा- "मुझे गालियों के साथ बोला गया कि मैंने अपने पिता को अपनी गंदी किडनी लगवा दी"

रोहिणी आचार्य का फिर छलका दर्द, कहा- "मुझे गालियों के साथ बोला गया कि मैंने अपने पिता को अपनी गंदी किडनी लगवा दी"

बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव के घर में हंगामा बढ़ता जा रहा है। उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने एक बार फिर अपने एक्स हैंडल पर अपनी पीड़ा साझा की है। उन्होंने कहा है कि आप सब मेरे रास्ते कभी ना चलें, किसी घर में रोहिणी जैसी बेटी-बहन पैदा ना हो।

Rohini Acharya- India TV Hindi Image Source : PTI/FILE रोहिणी आचार्य

पटना: बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव के घर में बिखराव की खबरें सामने आ रही हैं। तेज प्रताप यादव के बाद अब रोहिणी आचार्य ने भी बगावती सुर अपनाए हैं। उन्होंने आज फिर कड़े तेवर दिखाते हुए कहा, "कल एक बेटी, एक बहन, एक शादीशुदा महिला, एक मां को जलील किया गया, गंदी गालियां दी गयीं, मारने के लिए चप्पल उठाई गई, मैंने अपने आत्मसम्मान से समझौता नहीं किया, सच का समर्पण नहीं किया, सिर्फ और सिर्फ इस वजह से मुझे बेइज्जती झेलनी पड़ी।"

रोहिणी ने कहा, "कल एक बेटी मजबूरी में अपने रोते हुए मां-बाप बहनों को छोड़ आई, मुझसे मेरा मायका छुड़वाया गया..मुझे अनाथ बना दिया गया। आप सब मेरे रास्ते कभी ना चलें, किसी घर में रोहिणी जैसी बेटी-बहन पैदा ना हो।"

...तो भूलकर भी अपने भगवान रूपी पिता को नहीं बचाएं: रोहिणी

रोहिणी आचार्य ने एक्स पर एक और पोस्ट कर लिखा, "कल मुझे गालियों के साथ बोला गया कि मैं गंदी हूं और मैंने अपने पिता को अपनी गंदी किडनी लगवा दी, करोड़ों रुपए लिए, टिकट लिया तब लगवाई गंदी किडनी..सभी बेटी-बहन, जो शादीशुदा हैं उनको मैं बोलूंगी कि जब आपके मायके में कोई बेटा-भाई हो, तो भूलकर भी अपने भगवान रूपी पिता को नहीं बचाएं, अपने भाई, उस घर के बेटे को ही बोलें कि वो अपनी या अपने किसी हरियाणवी दोस्त की किडनी लगवा दे" सभी बहन-बेटियां अपना घर-परिवार देखें, अपने माता-पिता की परवाह किए बिना अपने बच्चे, अपना काम, अपना ससुराल देखें, सिर्फ अपने बारे में सोचें। मुझसे तो ये बड़ा गुनाह हो गया कि मैंने अपना परिवार, अपने तीनो बच्चों को नहीं देखा, किडनी देते वक्त न अपने पति, न अपने ससुराल से अनुमति ली। अपने भगवान, अपने पिता को बचाने के लिए वो कर दिया जिसे आज गंदा बता दिया गया। आप सब मेरे जैसी गलती, कभी, ना करें, किसी घर रोहिणी जैसी बेटी ना हो।"

रोहिणी ने शनिवार को संजय यादव और रमीज पर साधा था निशाना

रोहिणी ने शनिवार को भी एक्स पर पोस्ट करके कहा था, "मैं राजनीति छोड़ रही हूं और अपने परिवार से नाता तोड़ रही हूं। संजय यादव और रमीज ने मुझसे यही करने को कहा था और मैं सारा दोष अपने ऊपर ले रही हूं।"

रोहिणी आचार्य को लेकर क्यों मचा है बिहार में हंगामा?

बिहार विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद लालू परिवार की मुश्किलें बढ़ती हुई दिख रही हैं। चुनाव के खत्म होते ही शनिवार को रोहिणी आचार्य ने घर छोड़ दिया था और तेजस्वी यादव पर गंभीर आरोप लगाए थे। घर से निकलने के बाद उन्होंने कहा था कि कि उनका कोई परिवार नहीं है। उन्हीं लोगों ने घर से निकाला है। 

रोहिणी ने ये भी कहा था कि संजय-रमीज का नाम लेने पर परेशान किया जाता है। रोहिणी आचार्य ने राजनीति छोड़ने पर कहा था, "मेरा कोई परिवार नहीं है। उन्होंने ही मुझे परिवार से निकाला है। उन्हें जिम्मेदारी नहीं लेनी है। सारी दुनिया सवाल कर रही है कि पार्टी का ऐसा हाल क्यों हुआ है?"