1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मैरिज हॉल में 80 लड़के-लड़की आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े गए, इनमें 31 नाबालिग, नेटवर्क उजागर करने में जुटी पुलिस

मैरिज हॉल में 80 लड़के-लड़की आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े गए, इनमें 31 नाबालिग, नेटवर्क उजागर करने में जुटी पुलिस

पुलिस ने आपत्तिजनक स्थिति में पाई गईं सभी 39 महिलाओं और 41 पुरुषों को कोर्ट में पेश किया। इनमें 31 नाबालिग भी शामिल हैं, उनके साथ पकड़े गए लोगों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज हुआ है।

Marriage hall- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मैरिज हॉल में रेड

बिहार के रोहतास जिले में एक मैरिज हॉल से 80 लड़के-लड़कियां आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े गए हैं। पुलिस ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामला दावथ थाना क्षेत्र का है। यहां मालियाबाग स्थित एक मैरिज हॉल में 39 महिलाएं और 41 पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े गए। रविवार को पुलिस ने सभी 39 महिलाओं और 41 पुरुषों को कोर्ट में पेश किया। बिक्रमगंज के एसडीएम प्रभात कुमार की सूचना पर दावथ थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस मामले में कुल 31 नाबालिग शामिल पाए गए हैं, जिनमें 18 लड़कियां और 13 लड़के हैं। नाबालिग लड़कियों के मामले को पॉक्सो एक्ट के तहत एडीजे-7 की अदालत में प्रस्तुत किया गया है। वहीं, नाबालिग लड़कों के मामले में 13 ऐसी घटनाएं सामने आई हैं, जहां वयस्क महिलाएं आपत्तिजनक स्थिति में मिलीं। एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह ने बताया कि सभी मामलों में अलग-अलग धाराओं के तहत पुलिस जांच कर रही है। पकड़े गए युवक-युवतियों में अधिकांश आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के निवासी हैं, और इनमें कई स्कूल और कॉलेज की छात्राएं भी शामिल हैं।

बाल कल्याण समिति को सौंपा गया नाबालिगों का प्रकरण

मामले में नाबालिग लड़कियों को मेडिकल जांच और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं के लिए बाल कल्याण समिति को सौंप दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है, ताकि किसी संभावित नेटवर्क या अन्य अवैध गतिविधियों का खुलासा किया जा सके। शुक्रवार को बिक्रमगंज के एसडीएम के नेतृत्व में दावथ थाना क्षेत्र के मालियाबाग स्थित प्रकाश मैरिज हॉल एंड होटल में छापेमारी की गई थी। इस दौरान 80 युवक-युवतियों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया। फिलहाल, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और आगे और भी खुलासे होने की संभावना है।

पुलिस को बड़े नेटवर्क की आशंका

पुलिस ने कहा कि यह मामला केवल एक घटना तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे किसी संगठन या नेटवर्क की सक्रियता भी हो सकती है। ऐसे में सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पकड़े गए सभी युवाओं और महिलाओं को कोर्ट में पेश किया गया, और आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू हो गई। नाबालिग लड़कियों के मामले की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए उन्हें तुरंत बाल कल्याण समिति के संरक्षण में रखा गया।

दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

एसडीपीओ ने कहा, “हम इस मामले की पूरी जांच कर रहे हैं और किसी भी संभावित अपराध नेटवर्क को उजागर करने के लिए सभी कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं। इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।” स्थानीय ग्रामीणों और पकड़ी गई छात्राओं के परिजनों ने घटना की निंदा की है और अधिकारियों से जल्द से जल्द न्याय की उम्मीद जताई है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

(रोहतास से रंजन सिंह की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

बिहार की राजधानी पटना में दिनदहाड़े घर में घुसकर गैस सिलेंडर उठा ले गए चोर, सामने आया CCTV वीडियो

जहरीली शराब पीने से 4 की मौत, 3 का इलाज जारी, आरोपी नागा रॉय को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी