1. Hindi News
  2. बिहार
  3. स्कूल जा रही छात्राओं पर ब्लेड से हमला, बाइक सवार बदमाश फरार, लहूलुहान हालत में अस्पताल में कराया भर्ती

स्कूल जा रही छात्राओं पर ब्लेड से हमला, बाइक सवार बदमाश फरार, लहूलुहान हालत में अस्पताल में कराया भर्ती

मुजफ्फरपुर के बरूराज में दो छात्राओं पर बदमाशों ने ब्लेड से हमला कर दिया। हमले के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में दोनों छात्राओं को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस मामले की जांच और हमलावरों की तलाश कर रही है।

छात्रों पर बदमाशों ने ब्लेड से किया हमला- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV छात्रों पर बदमाशों ने ब्लेड से किया हमला

बिहार में क्राइम कम होने का नाम नहीं ले रहा, जमुई में नाबालिग के साथ छेड़खानी के बाद अब एक और मामला सामने आया है, जिसमें स्कूल जा रही दो नाबालिग बच्चियों पर बदमाशों ने हमला कर दिया। ताजा मामला मुजफ्फरपुर जिले के बरूराज थाना क्षेत्र का है। बेखौफ बदमाशों ने स्कूल में इंटरमीडिएट की परीक्षा देने जा रही दो छात्राओं पर ब्लेड से हमला कर दिया। दोनों छात्राएं गंभीर रूप से जख्मी हो गईं और तेज खून बहने लगा। अचानक हुई इस घटना और लहूलुहान छात्रों को देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गांव के लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को मामले की सूचना दी गई।

स्कूल जा रही छात्राओं पर ब्लेड से किया हमला

जानकारी के मुताबित, बरुराज थाना क्षेत्र के मनोहर छपरा-छत्रपट्टी के बीच चोरबन पुलिया के पास सोमवार को साइकिल से परीक्षा देने जा रही थीं। तभी बाइक सवार बदमाशों ने ब्लेड दोनों लड़कियों पर हमला कर दिया। घायल छात्राओं में एक की गर्दन और पीठ पर हमला किया गया है जबकि दूसरी छात्रा के हाथ में ब्लेड मारा गया है। घायल लड़कियों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही बरुराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य सबूतों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल हमले के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। 

बदमाशों ने पीछे से आकर किया हमला

घायल छात्राओं ने पुलिस को बताया कि वे मनोहर छपरा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में इंटर की टेस्ट परीक्षा देने जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश पीछे से आए और ब्लेड से हमला कर फरार हो गए। मामले में एसडीपीओ पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि स्कूल जा रही दो छात्राओं पर बाइक सवार बदमाशों ने ब्लेड से हमला किए जाने की सूचना मिली है। इस मामले में आरोपियों पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस घटना के बाद स्कूल जाने वाली बच्चियों और उनके परिजनों में दहशत का माहौल है।

इनपुट: संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर