1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मुंगेर में सेल्फी की सनक ने ली जान, दमनकोल झरने पर Selfie लेते वक्त पैर फिसलने से कुंड में गिरा युवक

मुंगेर में सेल्फी की सनक ने ली जान, दमनकोल झरने पर Selfie लेते वक्त पैर फिसलने से कुंड में गिरा युवक

मुंगेर मे एक युवक का सेल्फी का जुनून जानलेवा बन गया। हवेली खड़गपुर प्रखंड स्थित दमनकोल झरने पर ये हादसा हुआ। पैर फिसलने से युवक गहरे कुंड में जा गिरा।

मुंगेर में सेल्फी के चक्कर में मौत- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV मुंगेर में सेल्फी के चक्कर में मौत

बिहार के मुंगेर में सेल्फी के चक्कर में एक युवक की जान चली गई। मामला हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र स्थित मधुबन दरियापुर के दामनकोल झरने का है, जहां बुधवार को ये दर्दनाक हादसा हुआ। युवक अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने और झरने का आनंद लेने पहुंचा था। झरने के सामने सेल्फी लेते वक्त 18 साल के करण कुमार का अचानक पैर फिसल गया और वो गहरे कुंड में डूब गया। युवक की मौत से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 

मृतक की पहचान तारापुर थाना क्षेत्र के सोनडीहा राजगुरु नवटोलिया निवासी करण कुमार के रूप में की गई है। मृतक युवक के दोस्त सौरभ कुमार ने बताया कि करण अपने सात दोस्तों के साथ दामनकोल झरना घूमने आया था। कुछ दोस्त पिकनिक के लिए खाना बना रहे थे, जबकि कुछ दोस्त झरने में नहा रहे थे। खाना खाने के बाद सभी दोस्त नहाने लगे। इसी दौरान करण झरने के ऊंचे हिस्से पर चढ़कर सेल्फी लेने लगा। तभी उसका पैर फिसल गया और वह नीचे गहरे कुंड में जा गिरा।

सेल्फी ने ली युवक की जान

दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह पानी में डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही खड़गपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला। आशंका है कि गिरने के दौरान उसका सिर पत्थर से टकरा गया, जिससे वह बाहर नहीं निकल सका। उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान भी मिले हैं। 

दामनकोल झरने पर दर्दनाक हादसा

पुलिस शव को खड़गपुर अस्पताल लेकर पहुंच, जहां डॉक्टर्स ने युवक को मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेजा जा गया है।  पुलिस ने बताया कि करण 22 जून को भी दामनकोल झरना घूमने आया था और वहां की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की थीं। करण दो भाइयों में बड़ा था। अस्पताल पहुंचते ही करण के परिजन भी पहुंच गए। इस घटना के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। 

आपको बता दें ये कोई पहला मामला नहीं है खतरनाक जगहों पर सेल्फी लेने के चक्कर में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। कई पहाड़ी से नीचे गिरा तो कोई नदीं में डूबकर मरा। ऐसे में अगर आप भी सेल्फी के दीवाने हैं तो जगह और मौका देखकर ही सेल्फी लें। क्योंकि सेल्फी का ये जुनून आपकी जान पर भी पड़ सकता है।  

https://www.indiatv.in/bihar/youth-shot-dead-just-100-meters-from-the-police-station-in-muzaffarpur-police-investigating-2026-07-22-1232749