बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक खौफनाक नजीर देखने को मिली है। बेखौफ अपराधियों ने कानून व्यवस्था और पुलिस को ठेंगा दिखाते हुए स्थानीय थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर एक युवक की गोलियों से भूनकर निर्मम हत्या कर दी। इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
थाने से 100 मीटर की दूरी पर हुई घटना
जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने बुधवार की सुबह एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। मोतीपुर ओवरब्रिज के नजदीक करीब 30 वर्षीय एक युवक की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि घटनास्थल मोतीपुर थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। गोली लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर ग्रामीण एसपी दल बल के साथ मौके पर पहुंचकर छानबीन की। मौके पर FSL की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया।
मृतक की पहचान नहीं, जांच जारी
जानकारी के अनुसार अपराधी ने रात के सन्नाटे और सुनसान इलाके का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी रात के अंधेरे का फायदा उठाकर आसानी से फरार हो गया बुधवार सुबह जैसे स्थानीय लोगों को इसकी भनक लगी पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
पुलिस के मुताबिक मृतक की फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है। शव को शिनाख्त के लिए सुरक्षित रखा गया है। आसपास के थानों और स्थानीय लोगों से संपर्क कर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस गश्ती पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि बुधवार तड़के करीब 2 से 3 बजे के बीच कई राउंड फायरिंग की आवाज सुनाई दी थी। जब लोग मौके पर पहुंचे तो युवक खून से लथपथ पड़ा था। लोगों का आरोप है कि एनएच और काली मंदिर के आसपास पुलिस की गश्ती गाड़ियां नियमित रूप से तैनात रहती हैं, इसके बावजूद थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर हत्या जैसी वारदात होना पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच में जुटी है। हत्या के कारणों और अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। एसपी ग्रामीण राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि बीती रात एक अज्ञात युवक की गोली मारकर अपराधियो ने हत्या की घटना प्रतिवेदित की है। शव को शिनाख्त करने की कोशिश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है। आस पास के थाने को सूचित कर पहचान की कोशिश की जा रही है।अपराधियो की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। मौके से खोखा बरामद किया गया है।
(रिपोर्ट - संजीव कुमार)