टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने एक बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। शमी ने अपना आखिरी टेस्ट तीन साल पहले, 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। मोहम्मद शमी पिछले काफी समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद से उन्हें टीम इंडिया के लिए खेलने का मौका नहीं मिला है। हालांकि उन्होंने ये साफ किया है कि वह व्हाइट बॉल क्रिकेट खेलते रहेंगे। उन्हें सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए बंगाल की टीम में शामिल किया गया है। वह घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर मोहम्मद शमी ने शेयर किया इमोशनल पोस्ट
मोहम्मद शमी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि वह भारी मन से और बहुत सारी खूबसूरत यादों के साथ टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि सफेद जर्सी छोड़ना मुश्किल है, लेकिन इससे जुड़ी यादें हमेशा दिल में रहेंगी। जब उन्होंने पहली बार भारत की टेस्ट जर्सी पहनी थी, तो वह देश के लिए कुछ करने का एक सपना था। इसके बाद के हर विकेट, संघर्ष, चोट और वापसी ने उन्हें जीवन में कुछ न कुछ सिखाया है।
शमी ने अच्छे और बुरे दोनों वक्त में साथ देने के लिए अपने सभी साथियों, कोचों, परिवार और करोड़ों देशवासियों का दिल से शुक्रिया अदा किया है। इसके अलावा, उन्होंने बीसीसीआई (BCCI) और बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन (CAB) का भी आभार जताया, जिन्होंने उनके हुनर पर भरोसा किया और उनके क्रिकेट सफर को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। अंत में उन्होंने कहा कि मैदान पर भले ही उनकी आखिरी टेस्ट गेंद फेंकी जा चुकी हो, लेकिन देश के लिए खेलने का गर्व उनके दिल में हमेशा जिंदा रहेगा।
टेस्ट क्रिकेट में कैसा रहा मोहम्मद शमी का प्रदर्शन
टेस्ट क्रिकेट में मोहम्मद शमी ने अपना डेब्यू 2013 में वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच के साथ किया था। उन्होंने साल 2023 के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के बाद से भारत के लिए कोई टेस्ट मैच नहीं खेला था। शमी भारत के लिए 64 टेस्ट मैच खेलने में कामयाब रहे थे। इस दौरान उन्होंने 27.71 की बॉलिंग औसत के साथ 229 विकेट अपने नाम किए। टेस्ट क्रिकेट में शमी के नाम 6 बार पांच विकेट हॉल लेने का रिकॉर्ड दर्ज है।
यह भी पढ़ें
जी कमलिनी ने टी20 मैच में लगाए 6 छक्के, 59 गेंदों में जड़ दिए 101 रन, टीम को मिली बड़ी जीत
दिल्ली ने नितीश राणा को किया ड्रॉप, मयंक और श्रेयस भी हुए बाहर, SMAT के लिए हुआ स्क्वॉड का ऐलान