1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई के हाईराइज टावर में भीषण आग का तांडव, 23वीं मंजिल से उठती लपटों का VIDEO वायरल

मुंबई के हाईराइज टावर में भीषण आग का तांडव, 23वीं मंजिल से उठती लपटों का VIDEO वायरल

 Reported By: Rajesh Kumar,  Written By: Khushbu Rawal
 Published : Nov 06, 2026 11:30 pm IST,  Updated : Nov 06, 2026 11:55 pm IST

मुंबई के घाटकोपर स्थित पंतनगर इलाके में एक रिहायशी इमारत में आग लग गई है। 25 मंजिला इमारत के 23वें फ्लोर पर आग लगी। सुरक्षा के मद्देनजर पूरी बिल्डिंग को खाली करा लिया गया है।

mumbai building fire- India TV Hindi
23वीं मंजिल पर उठीं आग की लपटें। Image Source : REPORTER INPUT

मुंबई के घाटकोपर पूर्व स्थित पंतनगर इलाके में एक रिहायशी इमारत में आग लगने की घटना सामने आई है। पंतनगर में रॉयल अल्टेजा बिल्डिंग की 23वीं मंजिल पर आग लगी। यह ग्राउंड प्लस 25 मंजिला इमारत है। ऊंची इमारत से धुआं और लपटें उठती देख आसपास के लोगों में चिंता बढ़ गई और मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 7 से 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड के CFO के मुताबिक, आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है।

रात 8 बजे बाद मिली आग लगने की सूचना

दमकल विभाग को 6 नवंबर की रात करीब 8:08 बजे आग लगने की सूचना मिली। रात 8:30 बजे दमकल विभाग ने इसे लेवल-1 फायर घोषित किया। लेकिन स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इसे रात 8 बजकर 52 मिनट पर लेवल-2 आग घोषित कर दिया गया। मौके पर फायर ब्रिगेड के अलावा मुंबई पुलिस, PWD और BMC के कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। संयुक्त रूप से राहत और बचाव अभियान चलाया गया ताकि आग को अन्य मंजिलों तक फैलने से रोका जा सके।

हादसे में एक व्यक्ति घायल, 2 बच्चे भी अस्पताल में भर्ती

फायर ब्रिगेड और मुंबई पुलिस के मुताबिक, आग फिलहाल नियंत्रण में है। हादसे में एक व्यक्ति घायल हुआ है, जिसे राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं, दम घुटने की शिकायत के बाद दो बच्चों को ज़ेनोवा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत की जानकारी अभी प्रतीक्षित है।

देखें वीडियो-

पूरी बिल्डिंग खाली कराई

शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर पूरी बिल्डिंग को खाली करा लिया गया है। हालांकि, अंदर कोई व्यक्ति फंसा तो नहीं है, इसका पता लगाने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

मेयर ऋतु तावड़े मौके पर पहुंची

मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े भी मौके पर पहुंची थीं। उन्होंने भी आग पर काबू पाए जाने और बिल्डिंग को खाली कराए जाने की जानकारी दी थी।

कुर्ला में 13 मंजिला बिल्डिंग में लगी आग, 9 लोग घायल

इससे पहले हाल ही में मुंबई के कुर्ला में एक 13 मंजिला बिल्डिंग में आग लग गई थी। इस हादसे में तीन बच्चों सहित 9 लोग घायल हो गए थे। घायलों में ज्यादातर को सांस लेने में तकलीफ की समस्या थी, जबकि एक व्यक्ति को चोट लगी थी।

यह भी पढ़ें-

पटियाला में कर्मभूमि एक्सप्रेस के 4 कोच में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी; सामान छोड़कर कई यात्री ट्रेन से कूदे

दिल्ली की गफ्फार मार्केट में बीती रात भीषण आग लगी, दमकल की 25 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।