1. Hindi News
  2. बिहार
  3. सीतामढ़ी में श्राद्ध भोज के दौरान मौत बनकर घुसी बेकाबू पिकअप, 12 लोगों को कुचला, दो की दर्दनाक मौत, कई गंभीर

सीतामढ़ी में श्राद्ध भोज के दौरान मौत बनकर घुसी बेकाबू पिकअप, 12 लोगों को कुचला, दो की दर्दनाक मौत, कई गंभीर

 Published : Nov 06, 2026 11:34 am IST,  Updated : Nov 06, 2026 11:34 am IST

बिहार के सीतामढ़ी जिले से एक दिल दहला देने वाली दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक श्राद्ध भोज के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जिले के परसौनी थाना क्षेत्र स्थित गिसारा बाजार के पास एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप वैन काल बनकर भीड़ के बीच जा घुसी।

सीतामढ़ी में श्राद्ध भोज के दौरान मौत बनकर घुसी बेकाबू पिकअप, 12 लोगों को कुचला- India TV Hindi
सीतामढ़ी में श्राद्ध भोज के दौरान मौत बनकर घुसी बेकाबू पिकअप, 12 लोगों को कुचला Image Source : INDIA TV

बिहार के सीतामढ़ी जिले के परसौनी थाना क्षेत्र के गिसारा गांव में गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। श्राद्ध कर्म के भोज की तैयारी के दौरान अचानक एक तेज रफ्तार बेकाबू पिकअप मौत बनकर लोगों की भीड़ में घुस गई। पिकअप ने करीब एक दर्जन लोगों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मृतकों की हुई पहचान

मृतकों की पहचान गिसारा गांव निवासी 80 वर्षीय योगेश्वर पासवान और डुमरा थाना क्षेत्र के प्रेमनगर निवासी मांझी पासवान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि योगेश्वर पासवान श्राद्ध भोज की तैयारी के दौरान सड़क किनारे बैठे थे। वहीं, मांझी पासवान अपनी बहन की तेरहवीं के भोज में शामिल होने गिसारा गांव पहुंचे थे। 

बाइक में टक्कर के बाद चालक से हुआ विवाद, फिर मचाया तांडव
परिजनों के अनुसार, गांव में एक पिकअप से धान उतारा जा रहा था। धान उतारने के बाद चालक गाड़ी को पीछे कर रहा था। इसी दौरान पिकअप बालम कुमार के घर के सामने खड़ी बाइक से टकरा गई। इसको लेकर बालम कुमार और पिकअप चालक के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के बाद चालक मुन्ना बैठा ने पिकअप की रफ्तार तेज कर दी और खुद गाड़ी से कूद गया। इसके बाद बिना चालक की पिकअप तेज रफ्तार में सीधे श्राद्ध भोज की तैयारियों के बीच घुस गई। वहां मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। अचानक पिकअप को अपनी ओर आता देख लोगों में भगदड़ मच गई। जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे, लेकिन कई लोग गाड़ी की चपेट में आ गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

दो की मौत से गांव में मातम, पुलिस ने जब्त की पिकअप
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घटना की सूचना मिलते ही परसौनी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को जब्त कर लिया है। दोनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। इस दर्दनाक घटना के बाद गिसारा गांव में मातम पसरा हुआ है। जिस घर में श्राद्ध कर्म का भोज होना था, वहां पहले से मातम था इस बीच दो लोगों के मौत ने और कोहराम मचा दिया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।