1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पटना में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक्शन में 3 अपराधी ढेर; थाना अध्यक्ष को भी लगी गोली

पटना में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक्शन में 3 अपराधी ढेर; थाना अध्यक्ष को भी लगी गोली

 Written By: Vinay Trivedi
 Published : Nov 06, 2026 10:20 am IST,  Updated : Nov 06, 2026 10:42 am IST

पटना के मनेर में पुलिस और अपराधियों के बीच एनकाउंटर हुआ है, जिसमें 3 आरोपी मारे गए हैं। ये तीनों वांटेड थे। इस मुठभेड़ में थाना अध्यक्ष को भी गोली लग गई है।

मनेर में हुए एनकाउंटर...- India TV Hindi
मनेर में हुए एनकाउंटर में 3 अपराधी ढेर हो गए हैं। Image Source : IANS

बिहार की राजधानी पटना में पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई है, जिसमें पुलिस ने तीनों आरोपियों को मार गिराया है। मारे गए अपराधियों में पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड का मुख्य आरोपी और उसके दो साथी शामिल हैं। मुठभेड़ मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर गंगा घाट पर हुई। दरअसल, आरोपियों के शेरपुर गंगा घाट में छिपे होने की सूचना पर पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश दी, लेकिन पुलिस के एक्शन से पहले ही बदमाशों ने फायरिंग कर दी। ऐसे में पुलिस को भी बचाव में जवाबी फायरिंग करनी पड़ी, जिसमें तीनों अपराधी ढेर हो गए हैं। एनकाउंटर के दौरान मनेर थाना प्रभारी घायल हो गए हैं।

पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड का आरोपी था मारा गया अपराधी

बताया जा रहा है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दानापुर और मनेर के पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी अपने साथियों के साथ शेरपुर गंगा घाट के आसपास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने पहुंची। इसी दौरान, अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। अपराधियों की गोली से मनेर थानाध्यक्ष घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीनों अपराधी गोली लगने से मारे गए।

सबूत जुटाने में लगी हुई है FSL टीम

घटना के बाद इलाके में पुलिस की गतिविधियां तेज हो गई हैं। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम पहुंचकर साक्ष्य जुटाने और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। पुलिस मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल, इस मुठभेड़ के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस की ओर से मामले में विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

वांटेड थे मारे गए तीनों अपराधी

एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा के मुताबिक, अपराधियों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। हाल ही में मनेर में हुई वारदात की घटना में भी इनकी संलिप्तता सामने आई थी। तीनों उस मर्डर केस में वांटेड थे। इसके अलावा, दानापुर और शाहपुर सहित अन्य थानों में भी इनके विरुद्ध मामले दर्ज थे। अधिकारी ने कहा कि वारदात के बाद इलाके में पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए रेड की जा रही है। एनकाउंटर के बाद पुलिस के आला अधिकारियों ने घटनास्थल की जांच और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बीते जुलाई में पटना के मसौढ़ी में पुलिस और किडनैपर के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस एनकाउंटर में एक अपराधी ढेर हो गया था।

(इनपुट- इस्तियाक खान/IANS)

ये भी पढ़ें- सुल्तानगंज हत्याकांड में 12 घंटे के भीतर पुलिस का बड़ा एक्शन, मुख्य आरोपी रामधनी यादव मुठभेड़ में ढेर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।