सिवान: छात्रों की मांग पूरी होने के बाद दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रोटेस्ट 36 दिन बाद खत्म हो गया है, लेकिन बिहार में इसे लेकर बवाल जारी है। शुक्रवार को पटना में छात्रों के प्रोटेस्ट में पुलिस के लाठीचार्ज के विरोध में कल बिहार में लेफ्ट संगठनों ने बंद किया था। इसी दौरान बिहार के कई शहरों में हंगामा हुआ, लेकिन सबसे ज्यादा हंगामा सीवान में हुआ। बिहार बंद के दौरान सीवान और पटना के अलावा कई दूसरे शहरों में भी प्रोटेस्ट हुआ। इसके अलावा छपरा, औरंगाबाद, सासाराम, भागलपुर, पूर्णिया और सीतामढ़ी जैसे कई जिलों में प्रोटेस्ट के दौरान छात्र उग्र हो गए। इस दौरान जमकर पत्थरबाजी की गई और गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया।
सिवान में उग्र हुआ प्रदर्शन
दरअसल, सिवान में शनिवार को भारी बवाल हुआ। जिले के गांधी मैदान से शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन कुछ ही देर में उग्र रूप ले बैठा। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक के बाद जमकर पथराव होने लगा, जिसमें दो डीएसपी और सिवान के एसपी पूरन कुमार झा समेत 30 पुलिसवाले घायल हो गए। इसके बाद भीड़ को कंट्रोल करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। करीब 10 राउंड आंसू गैस के गोले दागे और 6 से 8 राउंड हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी। हवाई फायरिंग हुई तो प्रदर्शनकारियों पर गोली मारने के दावे किए जाने लगे, जिसके बाद सिवान पुलिस ने प्रेस रीलिज जारी इस पर सफाई दी। पुलिस ने बताया कि सिवान में पुलिस फायरिंग में किसी की मौत नहीं हुई है, कुछ लोग घायल जरूर हुए हैं। पुलिस ने आंसू गैस के गोले के अलावा 6 से 8 राउंड फायरिंग की है।
पुलिस को करनी पड़ी हवाई फायरिंग
सिवान में भीड़ इतनी उग्र हो गई कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर ही पत्थरबाजी शुरू कर दी, बैरिकेड्स तोड़ डाले और पथराव के साथ-साथ लाठी डंडों से पुलिसवालों पर हमला कर दिया। हिंसक भीड़ को कंट्रोल करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस ने पहले टीयर गैस के गोले दागे, लेकिन जब भीड़ शांत नहीं हुई तो पुलिस ने लाठीचार्ज किया। प्रदर्शनकारियों को दौड़ा दौड़ा कर पीटना शुरू किया, लेकिन पुलिस की ये कोशिश उलटी पड़ गई। पुलिस की इस कोशिश के बाद भीड़ और उग्र हो गई और फिर पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी।
शाम तक इंटरनेट बंद
सिवान जिले में हुए पथराव के दौरान एसपी पूरण झा, दो डीएसपी समेत कुल 30 पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं पुलिस के एक्शन में कई प्रदर्शनकारी भी घायल हुए। सिवान पुलिस ने हिंसा के आरोप में कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। वहीं अब सिवान पुलिस प्रदर्शन के दौरान हिंसा करने वालों के सीसीटीवी और वायरल वीडियो के जरिए पहचान कर रही है। कई घंटे तक पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जोर आजमाइश के बाद पुलिस ने हालात पर कंट्रोल किया। वहीं प्रदर्शन को देखते हुए अब सिवान जिले में आज शाम 5.30 बजे तक इंटरनेट बंद कर दिया गया है। (इनपुट- कैलाश)
यह भी पढ़ें-
500 करोड़ रुपये से ज्यादा के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED का एक्शन, बांद्रा के रंगशारदा होटल की संपत्ति कुर्क