1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. शादी की बात पर जताई थी रजामंदी, अगले ही दिन खेत में मिला युवक का गोली लगा शव

शादी की बात पर जताई थी रजामंदी, अगले ही दिन खेत में मिला युवक का गोली लगा शव

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jul 26, 2026 08:15 am IST,  Updated : Jul 26, 2026 08:57 am IST

गांव के बाहर खेत के पास युवक का गोली लगा शव बरामद हुआ है। शव के पास से एक अवैध तमंचा और एक कारतूस का खोखा भी बरामद हुआ है। पुलिस घटना के हर पहलू की गहनता से जांच में जुटी है।

मृतक राहुल पाल उर्फ छोटू- India TV Hindi
मृतक राहुल पाल उर्फ छोटू Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर खेत के पास एक 28 वर्षीय युवक का गोली लगा शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान नगरा सरसौल निवासी राहुल पाल उर्फ छोटू के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। शव के पास से एक अवैध तमंचा और एक कारतूस का खोखा भी बरामद हुआ है। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है। हालांकि, घटना के हर पहलू की गहनता से पड़ताल की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम सूचना मिली कि नगरा गांव के बाहर खेतों के पास एक युवक का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान युवक के सिर में गोली लगने का निशान मिला। घटनास्थल से एक अवैध तमंचा और कारतूस का खोखा भी बरामद किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी चकेरी पूर्वी आशुतोष सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद, फॉरेंसिक टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्य एकत्र कराए गए।

शादी की बात हुई, फिर घर से निकला

राहुल के बड़े भाई ने बताया कि शुक्रवार शाम परिवार में राहुल की शादी को लेकर बातचीत हुई थी। परिवार ने उससे कहा था कि अब उसकी उम्र विवाह योग्य हो गई है और यदि वह तैयार हो तो उसका रिश्ता तय किया जा सकता है। बताया गया कि राहुल ने इस बात पर सहमति जताई थी, लेकिन कुछ देर बाद वह घर से निकल गया। इसके बाद, वह वापस नहीं लौटा। अगले दिन उसका शव मिलने से परिवार सदमे में है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस बातचीत को घटना का कारण नहीं माना है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

तीन दिन पहले ही गांव आया था राहुल

परिजनों के अनुसार, राहुल पाल हमीरपुर स्थित एक मसाला फैक्ट्री में काम करता था। वह तीन दिन पहले ही अपने गांव नगरा सरसौल आया था। शुक्रवार शाम तक वह परिवार के साथ सामान्य रूप से मौजूद था, लेकिन इसके बाद वह घर से निकल गया और वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार शाम उसका शव घर से करीब 200 मीटर दूर खेत के पास मिला, जिसके बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया।

चार भाइयों में सबसे छोटा था राहुल

राहुल पाल अपने परिवार में चार भाइयों में सबसे छोटा था। परिवार में माता ललिता देवी, बड़े भाई और एक बहन हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

एसीपी चकेरी पूर्वी आशुतोष सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल से एक अवैध तमंचा और एक कारतूस का खोखा बरामद हुआ है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच, परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस आत्महत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

(रिपोर्ट- अनुराग श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें-

आज कहां-कहां होगी बारिश? दिल्ली में तेज बरसात और आंधी का अलर्ट, पढ़िए अन्य राज्यों का Weather Updates

लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप की बढ़ीं मुश्किलें, गिरफ्तारी के बाद 14 दिन के लिए भेजे गए जेल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।