भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड दौरे का आगाज काफी शानदार तरीके से करते हुए पांच मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले को 4 विकेट से अपने नाम किया था। अब सीरीज का दूसरा मुकाबला क्राइस्टचर्च के स्टेडियम में 24 अक्टूबर को खेला जाएगा, लेकिन उससे ठीक एक दिन पहले टीम इंडिया के एक बड़ा झटका ईशान किशन के रूप में लगा जो दाहिने पैर में हल्की चोट की वजह से इस मैच में चयन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। ऐसे में बीसीसीआई ने दूसरे टी20 मुकाबले के लिए स्क्वॉड में ईशान किशन के कवर के रूप में झारखंड के 22 साल के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को शामिल करने का फैसला लिया है। कुशाग्र अभी न्यूजीलैंड में ही हैं, जिसमें वह इंडिया ए और न्यूजीलैंड ए के बीच में होने वाली अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज में खेलने के लिए गए हुए हैं, ऐसे में वह टीम इंडिया के स्क्वॉड से दूसरे टी20 मैच से पहले जुड़ गए हैं।
दूसरे टी20 मैच के लिए टीम इंडिया का अपडेटेड स्क्वॉड
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर)।
वनडे स्क्वॉड का हिस्सा भी हैं कुमार कुशाग्र
झारखंड के 22 साल के विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को बीसीसीआई की तरफ से जब न्यूजीलैंड दौरे के लिए स्क्वॉड का ऐलान किया गया था, तो उसमें आखिरी 2 मुकाबलों के लिए उनको टीम इंडिया में जगह मिली थी। वहीं अब वह टी20 स्क्वॉड में भी शामिल हो गए हैं। कुमार कुशाग्र ने अब तक अपने करियर में 33 टी20 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने 27.76 के औसत से 694 रन बनाए हैं, जिसमें 5 अर्धशतकीय पारियां शामिल हैं।
ईशान किशन के इंजरी पर मेडिकल टीम बनाए हुए है नजर
बीसीसीआई की तरफ से न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच को लेकर कुमार कुशाग्र को जहां स्क्वॉड में शामिल करने की जानकारी दी गई तो वहीं उन्होंने ईशान किशन की इंजरी को लेकर भी बताया। ईशान को लेकर बीसीसीआई की तरफ से बताया गया कि उनके एडक्टर में स्ट्रेन की दिक्कत सामने आई है, जिसमें वह दूसरा मुकाबला नहीं खेल पाएंगे। BCCI की मेडिकल टीम लगातार ईशान किशन की स्थिति पर नजर रखे हुए है।
ये भी पढ़ें
फ्री में कैसे लाइव देखें भारत बनाम न्यूजीलैंड दूसरा टी20 मुकाबला, नहीं खर्च होगा कोई अलग से पैसा