जापान के आईची नागोया में चल रहे पैरा एशियन गेम्स 2026 में भारतीय एथलीटों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिल रहा है, जिसमें पांचवें दिन भी अलग-अलग खेलों के इवेंट में पदक जीतने में कामयाबी मिली। इसी में पुरुषों के जैवलिन थ्रो इवेंट में तीनों मेडल जीतने में सफलता मिली, जिसमें सुमित अंतिम जिन्होंने पिछली बार भी पैरा एशियन गेम्स में गोल्ड अपने नाम किया था वह इसे फिर से दोहराने में कामयाब रहे जिसमें उन्होंने 72.46 मीटर थ्रो के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया, इसके अलावा महेंद्र गुर्जर ने सिल्वर तो वहीं संदीप संजय सरगर ब्रॉन्ज मेडल को अपने नाम करने में कामयाब रहे।
गुर्जर और सरगर दोनों ने अपनी-अपनी कैटेगिरी में नए गेम्स रिकॉर्ड बनाए
पैरा एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों की जैवलिन थ्रो (F42–F44/F61–F64) फाइनल में T64 कैटेगिरी में हिस्सा लेने वाले सुमित अंतिल, जिन्हें 'टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम' (TOPS) के तहत मदद मिलती है ने 72.46 मीटर का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और 1112 अंकों के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया। महेंद्र गुर्जर ने 59.03 मीटर की दूरी तय कर 1066 अंक हासिल करने के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि संदीप संजय सरगर ने 64.48 मीटर की दूरी के साथ 1006 अंक हासिल किए और ब्रॉन्ज मेडल जीतकर भारत के लिए तीनों पदक पक्के किए। गुर्जर और सरगर दोनों ने अपनी-अपनी कैटेगिरी में नए गेम्स रिकॉर्ड बनाए। गुर्जर ने T42 कैटेगिरी में यह रिकॉर्ड बनाया, जबकि सरगर ने T44 कैटेगिरी में नया रिकॉर्ड कायम किया। इससे इस संयुक्त इवेंट में भारत के प्रदर्शन की अहमियत और बढ़ गई। साल 2022 के एशियन पैरा गेम्स में सुमित अंतिल ने 73.29 मीटर की दूरी के साथ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाते हुए गोल्ड मेडल जीता था। उस संस्करण में पुष्पेंद्र ने 62.06 मीटर के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता था, जबकि संदीप 61.84 मीटर की दूरी के साथ चौथे स्थान पर रहे थे।
भारत ने पिछले एशियन गेम्स के मेडल संख्या को किया पार
इस बार भारतीय एथलीटों के शानदार प्रदर्शन का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछली बार हुए हांगझोऊ पैरा एशियन गेम्स में जीते गए रिकॉर्ड कुल 111 मेडल की संख्या को पार करने में कामयाबी मिली है। इस बार के पैरा एशियन गेम्स में भारत के खाते में अब तक 114 मेडल जुड़ चुके हैं, जिसमें 30 गोल्ड, 35 सिल्वर और 49 ब्रॉन्ज मेडल शामिल है और अभी इनकी संख्या में बढ़ोतरी होना तय है।
ये भी पढ़ें
पैरा एशियन गेम्स के पांचवें दिन बैडमिंटन और आर्चरी में आया गोल्ड, 90 पार हुई मेडल की संख्या