भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने सीनियर चयन समिति में पिछली हफ्ते रमेश पवार को शामिल करने का ऐलान किया था, जिसके बाद प्रज्ञान ओझा मुख्य चयनकर्ता बन गए। वहीं अब बीसीसीआई की तरफ से जूनियर चयन समिति का ऐलान कर दिया गया है, जिसमें सिर्फ 2 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेलने वाले पूर्व भारतीय खिलाड़ी परविंदर अवाना को अध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा बीसीसीआई ने इस जूनियर चयन समिति में तीन और सदस्यों को शामिल किया है जिसमें कृष्णा दास, राकेश पटेल और एन अर्जुन यादव का नाम शामिल है, वहीं पांचवें सदस्य के नाम का भी ऐलान जल्द किया जाएगा।
परविंदर अवाना ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में दिखा है कमाल
टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज परविंदर अवाना जिनको इंटरनेशनल क्रिकेट में सिर्फ 2 मुकाबले खेलने का मौका मिला उनका घरेलू क्रिकेट में फर्स्ट क्लास फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है। परविंदर अवाना ने दिल्ली की तरफ से फर्स्ट क्लास क्रिकेट में खेलते हुए 62 मुकाबलों में 191 विकेट हासिल किए। इसके अलावा उन्होंने आईपीएल में भी अपनी प्रतिभा को दिखाया जहां वह पंजाब किंग्स की तरफ से खेले थे और 33 मैचों में 39 विकेट अपने नाम करने में कामयाब रहे। अवाना ने रिटायरमेंट लेने के बाद कोचिंग की दुनिया में कदम रखा था, जहां उन्होंने दिल्ली की अंडर-16, अंडर-19 और अंडर-23 के साथ काम किया। इसके अलावा वह भारत की अंडर-19 टीम के साथ बीसीसीआई और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के विभिन्न कार्यक्रमों से भी जुड़े रहे।
दास ने अंडर-19 टीम के गेंदबाजी कोच की निभाई है जिम्मेदारी
जूनियर चयन समिति में शामिल अन्य सदस्यों को लेकर बात की जाए तो उसमें असम और गोवा के पूर्व तेज गेंदबाज कृष्णा दास ने 49 प्रथम श्रेणी मैच में 166 विकेट लिए है, वहीं रिटायरमेंट के बाद दास ने भारत की अंडर-19 टीम के गेंदबाजी कोच और उत्तराखंड की रणजी ट्रॉफी टीम के गेंदबाजी कोच भी रहे। इसके अलावा राकेश पटेल ने गुजरात और बड़ौदा की टीम से घरेलू क्रिकेट में खेलने के अलावा इंडिया-ए टीम से भी खेला है। वह 2025-26 सत्र में बड़ौदा की अंडर-23 टीम के मुख्य कोच भी थे। एन अर्जुन यादव को लेकर बात की जाए तो वह साल 2000 में अंडर-19 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा थे। हैदराबाद की ओर से खेलने के बाद यादव ने कोचिंग शुरू की थी जिसमें वह हैदराबाद की सीनियर और अंडर-23 टीम के मुख्य कोच रहे। एन अर्जुन यादव साल 2022 से बीसीसीआई के लिए मैच रेफरी के तौर काम कर रहे थे।
ये भी पढ़ें
टूट गया ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी का घमंड, सेंचुरी के बाद भी हारी टीम, टेम्बा बावुमा ने लिया बदला