1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'वीडियो बनाकर माफी मांगें', मीका नहीं छोड़ रहे दलेर मेहंदी की बेइज्जती करने वाले मंत्री सुबोध उनियाल का पीछा, अब CM धामी से की अपील

'वीडियो बनाकर माफी मांगें', मीका नहीं छोड़ रहे दलेर मेहंदी की बेइज्जती करने वाले मंत्री सुबोध उनियाल का पीछा, अब CM धामी से की अपील

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Oct 23, 2026 04:22 pm IST,  Updated : Oct 23, 2026 04:22 pm IST

दलेर मेहंदी पर नशे में परफॉर्म करने का आरोप लगाने वाले उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल से मीका सिंह ने माफी की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से हस्तक्षेप की अपील की।

pushkar singh dhami mika singh- India TV Hindi
पुष्कर सिंह धामी और मीका सिंह। Image Source : MIKA SINGH X

दलेर मेहंदी और उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल के बीच शुरू हुआ विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। सिंगर के भाई मीका सिंह ने इस मामले में एक बार फिर अपनी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से अपील की है कि वह मंत्री सुबोध उनियाल से दलेर मेहंदी के सामने अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगने को कहें। मीका चाहते हैं कि मंत्री एक वीडियो जारी कर अपने बयान पर सफाई दें और दलेर मेहंदी से माफी मांगें। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहले ही इस मामले में मीका से बातचीत कर चुके हैं। अब मीका ने मुख्यमंत्री के प्रति सम्मान जताते हुए अपनी मांग दोहराई है। ऐसे में देखना होगा कि मंत्री की ओर से इस विवाद पर आगे क्या प्रतिक्रिया आती है।

मीका सिंह ने CM धामी से की खास अपील

मीका सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति अपना सम्मान जाहिर किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने खुद उन्हें फोन करके दलेर मेहंदी से जुड़े मामले पर बातचीत की थी। मीका ने मुख्यमंत्री की इस पहल की सराहना करते हुए उन्हें विनम्र और जमीन से जुड़ा व्यक्ति बताया। हालांकि, उन्होंने अपनी बात रखते हुए सुबोध उनियाल से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की अपील भी की।

मीका ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'सुप्रभात! उत्तराखंड के माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर धामी जी के प्रति मेरे मन में बहुत सम्मान है। उन्होंने दलेर भाई से जुड़े मामले को लेकर मुझे व्यक्तिगत रूप से फोन किया था और मैं उनकी इस पहल की सचमुच सराहना करता हूं। मैं धामी साहब को अच्छी तरह जानता हूं। वह एक विनम्र और जमीन से जुड़े हुए व्यक्ति हैं और मैं उनका बहुत सम्मान करता हूं।' उन्होंने आगे लिखा, 'उनसे मेरी बस इतनी विनम्र गुजारिश है कि कृपया श्री सुबोध उनियाल जी से एक छोटा-सा वीडियो जारी करने को कहें, जिसमें वह अपने बयान पर सफाई दें और दलेर भाई से यह कहने के लिए माफी मांगें कि वह परफॉर्मेंस के दौरान नशे में थे। मेरा मानना है कि गलतफहमियां हो सकती हैं, लेकिन उन्हें शालीनता से दूर भी किया जा सकता है। मुझे उम्मीद है कि इस छोटे से कदम से मामला खत्म करने और दलेर भाई की गरिमा व प्रतिष्ठा का सम्मान सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। मुझे धामी साहब की समझ और नेतृत्व पर भरोसा है।'

क्या है दलेर मेहंदी और सुबोध उनियाल के बीच विवाद?

यह पूरा मामला नवरात्रि के दौरान उत्तराखंड में आयोजित एक कार्यक्रम से जुड़ा है, जहां दलेर मेहंदी ने अपनी प्रस्तुति दी थी। बताया गया कि कार्यक्रम के दौरान सिंगर की तबीयत ठीक नहीं थी। इसी बीच उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल की ओर से उनके नशे में परफॉर्म करने की बात कही गई। मंत्री की इस टिप्पणी के बाद विवाद खड़ा हो गया और सोशल मीडिया पर भी लोगों ने नाराजगी जाहिर की। दलेर मेहंदी को लेकर की गई इस टिप्पणी पर उनके भाई मीका सिंह ने कड़ा रुख अपनाया। वह लगातार सवाल उठा रहे हैं और चाहते हैं कि मंत्री अपने बयान को लेकर स्पष्टीकरण दें। मीका की मांग है कि केवल सफाई देने के बजाय मंत्री को एक वीडियो के जरिए दलेर मेहंदी से माफी भी मांगनी चाहिए।

मुख्यमंत्री धामी ने की थी मीका सिंह से बातचीत

विवाद बढ़ने के बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस मामले में पहल की। उन्होंने मीका सिंह से बातचीत कर मामले को आपसी संवाद के जरिए सुलझाने की बात कही। अब मीका ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए अपनी मांग दोहराई है। उन्होंने संकेत दिया कि वह विवाद को आगे बढ़ाने के बजाय सम्मानजनक तरीके से इसका समाधान चाहते हैं।

ये भी पढ़ें:  अक्षय कुमार के लाडले आरव संग छुट्टियां मना रहीं अनन्या पांडे, साथ में की बेकिंग, दिखाई झलक            

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।