1. Hindi News
  2. बिहार
  3. तेज रफ्तार स्कार्पियो ने ट्रॉली में मारी टक्कर, कार सवार 4 युवकों में 2 की मौत, 2 युवक गंभीर रूप से घायल

तेज रफ्तार स्कार्पियो ने ट्रॉली में मारी टक्कर, कार सवार 4 युवकों में 2 की मौत, 2 युवक गंभीर रूप से घायल

मोतिहारी में स्कार्पियो कार में सवार 4 युवक फिल्म देखने जा रहे थे, तभी देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें 2 युवक की मौत हो गई और 2 गंभीर रूप से घायल हैं।

मोतिहारी में सड़क हादसा, 2 युवक की मौत- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV मोतिहारी में सड़क हादसा, 2 युवक की मौत

बिहार के मोतिहारी में अरेराज मार्ग पर देर रात एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। ये सड़क हादसा हरसिद्धि थाना क्षेत्र के गायघाट स्थित धर्मकांटा के पास रविवार की रात हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और मक्का लदे एक ट्रैक्टर में भीषण टक्कर हुई। इस घटना में स्कार्पियो सवार दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो युवक जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र स्थित सेवराहा गांव से चार युवक स्कार्पियो गाड़ी से मोतिहारी सिनेमा हॉल में फिल्म देखने निकले थे, इसी बीच रास्ते में गाय घाट चौक धर्मकाटा के पास रोड किनारे खड़े मक्का से लदे ट्रेक्टर में स्कार्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी। एक्सीडेंट की आवाज इतनी तेज थी कि घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस हादसे में स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही हरसिद्धि थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इस एक्सीडेंट में स्कार्पियो सवार दो युवक की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हैं। घायल युवकों को इलाज के लिए मोतिहारी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

स्कार्पियो सवार 4 युवकों का हुआ भीषण एक्सीडेंट

घटना की सूचना पर हरसिद्धि थाने की डायल 112 की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तुरंत चारों युवकों को क्षतिग्रस्त गाड़ी से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मनु कुमार सिंह और शुभम कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल आदित्य कुमार सिंह को मोतिहारी अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है। चौथे घायल युवक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। मृतकों में चड़रहिया पंचायत के पूर्व मुखिया मुरारी सिंह के बेटे मनु कुमार सिंह और सेवराहा निवासी अजय सिंह के पुत्र शुभम कुमार शामिल हैं। 

2 की मौत 2 गंभीर रूप से घायल

इस हादसे में जवान बच्चों की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक युवक मनु की शादी तय हो चुकी थी और जल्द घर में शहनाई बजने वाली थी, लेकिन इस घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया है। बेटे के शव को देख पूर्व मुखिया मुरारी सिंह की आंखों से आंसू थम नहीं रहे। वहीं मृतक शुभम के घर का भी यही हाल है, जवान बेटे की मौत से पूरा गांव गमगीन है। बताया जा रहा है कि मानिकपुर हसुआहा निवासी आदित्य कुमार सिंह शाम को अपनी बाइक से अपने दोस्त मनु कुमार सिंह के सेवराहा स्थित सीएसपी सेंटर पर आए थे। वहां शुभम कुमार और एक अन्य दोस्त भी मौजूद था। चारों दोस्तों ने फिल्म देखने का प्लान बनाया था।

इनपुट: अरविन्द कुमार, मोतिहारी