1. Hindi News
  2. बिहार
  3. लालू परिवार के सरकारी बंगला खाली करने के मामले पर बोले तेज प्रताप यादव, जानें क्या कहा

लालू परिवार के सरकारी बंगला खाली करने के मामले पर बोले तेज प्रताप यादव, जानें क्या कहा

लालू परिवार के 10 सर्कुलर रोड पर स्थित बंगला खाली करने के मामले पर तेज प्रताप यादव का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि सरकारी आवास तो वैसे भी सभी को खाली करना पड़ता है।

Tej Pratap Yadav- India TV Hindi
Image Source : PTI/FILE तेज प्रताप यादव

पटना: लालू परिवार के 10 सर्कुलर रोड पर स्थित बंगला खाली करने के मामले पर लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव का बयान सामने आया है। तेज प्रताप ने कहा है कि सरकारी बंगला खाली करना होगा तो लालू जी अपने निजी मकान में जायेंगे। सरकारी आवास तो वैसे भी सभी को खाली करना पड़ता है। हालांकि तेज प्रताप ने ये नहीं बताया कि लालू यादव, आवास कब तक खाली करेंगे।

तेज प्रताप ने और क्या कहा? 

तेज प्रताप यादव ने कहा कि सोशल मीडिया के जरिये धमकी मिलने के बाद अपनी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संतोष रेणु के खिलाफ उन्होंने थाने मे FIR किया और गृह मंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर सुरक्षा की मांग की है। 

तेज प्रताप यादव, बीजेपी नेता और भूमिहार ब्राह्मण मंच के संस्थापक आशुतोष कुमार के भाई की देवघर मे हुई मौत के बाद सांत्वना प्रकट करने गए थे। तेज प्रताप यादव ने कहा कि इस मामले में दोषी अपराधियों को पकड़ा जाए।

लालू यादव का तैयार हो रहा नया बंगला

गौरतलब है कि लालू यादव का नया बंगला बन रहा है। इसका हालही में वीडियो भी सामने आया था। जल्द ही लालू फैमिली इसमें शिफ्ट हो सकती है। लालू यादव का नया बंगला पटना के दानापुर के महुआबाग इलाके में बन रहा है।

ये घर पिछले डेढ़ साल से बन रहा है और अपने अंतिम चरण में है। इस पर आखिरी अपडेट ये है कि इस पर इंटीरियर का काम पूरा होने वाला है। ये बंगला काफी भव्य है। बिल्डिंग के चारों ओर 10 से 15 फीट ऊंची मजबूत बाउंड्री वॉल है और इसका डिजायन और आर्किटेक्चर लोगों को काफी आकर्षित करता है।

इस बंगले में 8 बड़े बेडरूम हैं और इसमें काफी बड़ा ड्रॉइंग हॉल, गेस्ट रूम, पूजा रूम, फैमिली लाउंज और अलग से स्टाफ क्वार्टर हैं। इसमें बड़ा सा गार्डन और गाड़ियों की पार्किंग की व्यवस्था भी है।