पटना: राष्ट्रीय जनता दल से निकाले गए तेज प्रताप यादव नए राजनीतिक दल या संगठन का ऐलान कर सकते हैं। वे आज शाम 5 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करने वाले थे। लेकिन अभी तक उनकी कोई पीसी नहीं हुई है। इस संबंध में कोई जानकारी भी नहीं दी गई है। माना जा रहा है कि वे प्रेस कॉन्फ्रेंस में नए राजनीतिक पार्टी का ऐलान कर सकते हैं।
नई भूमिका तलाश रहे थे तेज प्रताप
तेज प्रताप यादव को आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद ने आरजेडी से निकाल दिया था। अनुष्का यादव के साथ उनकी तस्वीर आने के बाद पार्टी की ओर से यह कदम उठाया गया था। आरजेडी और परिवार से निकाले जाने के बाद तेज प्रताप पिछले कुछ दिनों से अपने लिए नई भूमिका के लिए प्रयासरत थे।
आरजेडी की बढ़ेगी टेंशन?
तेज प्रताप यादव का यह कदम खुद आरजेडी के लिए टेंशन की वजह बन सकती है। क्योंकि विधानसभा चुनाव में अब ज्यादा वक्त बाकी नहीं रह गया है। ऐसे में अगर तेज प्रताप यादव नई पार्टी का ऐलान करते हैं तो यह आरजेडी के लिए असहज स्थिति हो सकती है।
फूट से बीजेपी-जेडीयू को फायदा
तेज प्रताप यादव अगर नई पार्टी बनाते हैं तो बीजेपी और जनता दल यूनाइटेड उन्हें हथियार बनाने का मौका नहीं चूकेंगे। ऐसे में आरजेडी के लिए नई मुश्किलें खड़ी होंगी। बीजेपी और जनता दल यूनाइटेड की ओर से यह पूरी कोशिश होगी कि वह लालू परिवार में फूट का भरपूर फायदा उठाए।
क्यों आरजेडी से निकाले गए तेज प्रताप?
दरअसल, तेज प्रताप यादव को मई 2025 में राष्ट्रीय जनता दल ले 6 साल के लिए निकाल दिया गया था। इसकी वजह एक फेसबुक पोस्ट थी जिसमें उन्होंने अनुष्का यादव के साथ अपने 12 साल पुराने प्रेम संबंध का खुलासा किया था। यह पोस्ट उनके विवाहित होने के कारण तुरंत एक बड़ा विवाद बन गया। उनकी पत्नी ऐश्वर्या राय के साथ उनका तलाक का मामला पहले से ही चल रहा था।
लालू प्रसाद ने अपनाया कड़ा रुख
आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद ने इस पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने एक सार्वजनिक बयान में कहा कि तेज प्रताप की गतिविधियां और उनका यह आचरण गैर-जिम्मेदाराना है। पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों के अनुरूप नहीं है। इसलिए उन्हें पार्टी और परिवार से दूर रखने का फैसला लिया गया है। लालू प्रसाद के छोटे बेटे और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव समेत परिवार के अन्य सदस्यों ने भी इस फैसले का समर्थन किया था।