1. Hindi News
  2. बिहार
  3. लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप की बढ़ीं मुश्किलें, गिरफ्तारी के बाद 14 दिन के लिए भेजे गए जेल

लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप की बढ़ीं मुश्किलें, गिरफ्तारी के बाद 14 दिन के लिए भेजे गए जेल

तेज प्रताप यादव को ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पटना पुलिस ने तेज प्रताप को डाक बंगला चौराहे के पास मॉल से अरेस्ट किया था।

तेज प्रताप यादव को 14...- India TV Hindi
Image Source : PTI (फाइल फोटो) तेज प्रताप यादव को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया।

लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को 14 दिन की ज्यूडिशियल कस्टडी में बेऊर जेल भेज दिया गया है। बीते शनिवार की शाम पटना पुलिस ने तेज प्रताप को डाक बंगला चौराहा के पास मॉल से गिरफ्तार किया था, जिसके बाद पुलिस तेज प्रताप को दीघा थाना ले गई। शनिवार देर रात तेजप्रताप यादव की ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के सामने पेशी हुई, जहां से तेज प्रताप यादव को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेज दिया गया।

प्रदर्शनकारियों के साथ सड़क पर उतरे थे तेज प्रताप

तेज प्रताप यादव बिहार बंद के कॉल के दौरान, प्रदर्शनकारियों के साथ सड़क पर उतरे थे। इस मामले में तेज प्रताप यादव पर गांधी मैदान थाने में एफआईआर दर्ज है। पटना पुलिस, डाक बंगला चौराहा के पास सेंट्रल मॉल से लालू यादव के बेटे तेज प्रताप यादव को दीघा थाना ले गई थी। बीते शनिवार को दिन में तेज प्रताप यादव, बिहार बंद के कॉल के दौरान प्रदर्शनकारियों के साथ सड़क पर उतरे थे।

सोमवार को दायर होगी तेज प्रताप की जमानत के लिए याचिका

हालांकि, पहले तेज प्रताप यादव के समर्थकों ने पटना पुलिस पर आरोप लगाया था कि तेज प्रताप यादव के बारे में कोई जानकारी नहीं दी जा रही है। किस आरोप में पुलिस ने उन्हें थाने में रखा है ये भी नहीं बताया जा रहा था। वहीं, तेज प्रताप यादव के वकील जगन्नाथ सिंह ने कहा है कि सोमवार को तेज प्रताप की जमानत के लिए याचिका दायर की जाएगी।

पुलिस ने शनिवार दोपहर को भी हिरासत में लिया था

गौरतलब है कि पटना में रामगुलाम चौक/गांधी मैदान इलाके में छात्रों ने प्रोटेस्ट किया था। इसी दौरान, प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ विरोध प्रदर्शन में तेज प्रताप यादव भी शामिल हुए थे। तब बिहार पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया था और पुलिस की गाड़ी में अपने साथ ले गई थी।

हिरासत में लेकर छोड़ने के बाद किया गिरफ्तार

हिरासत में लिए जाने के समय तेज प्रताप ने कहा था, "मैं छात्रों के साथ खड़ा हूं और उनके लिए मरने को तैयार हूं।” इस विरोध प्रदर्शन में कई जगहों पर स्टूडेंट्स और पुलिस के बीच टकराव भी हुआ था। हालांकि, हिरासत में लिए जाने के कुछ देर बाद ही तेज प्रताप को छोड़ दिया गया था। बाद में जब तेज प्रताप मॉल घूमने गए थे, तब पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था

ये भी पढ़ें- अभिजीत दीपके से तेज प्रताप यादव ने की खास अपील, आप अविलंब बिहार की धरती पर आएं