A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार पर फिर साधा निशाना, बोले- 'उनको बिहार से कोई मतलब नहीं'

तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार पर फिर साधा निशाना, बोले- 'उनको बिहार से कोई मतलब नहीं'

राजद नेता तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को बिहार से कोई मतलब नहीं है। वो नीति आयोग की बैठक में नहीं जाते हैं लेकिन एनडीए की बैठक में चले जाते हैं।

Tejashwi Yadav again targeted Nitish Kumar said He has nothing to do with Bihar- India TV Hindi
Image Source : PTI तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार पर फिर साधा निशाना

बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में बिहार में राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो चुकी है। इस बीच पटना में राजद नेता तेजस्वी यादव ने बयान देते हुए नीतीश कुमार पर निशाना साधा। तेजस्वी यादव ने कहा, 'हमारे चाचा जी अचेत अवस्था में हैं। उनको कुछ नहीं पता कि बिहार में क्या हो रहा है। उनको बिहार से कोई मतलब नहीं है। उनको सिर्फ एक चिंता है कि अपनी कुर्सी को वो बचाकर रखें। नीति आयोग की बैठक में नीतीश कुमार नहीं जाते हैं, लेकिन एनडीए की बैठक में चले जाते हैं। अब किसी भी कीमत पर लोग बिहार में सरकार बदलना चाहते हैं। बच्चा-बच्चा कहने लगा है कि 5 से 25, बहुत हुआ नीतीश।'

क्या बोले तेजस्वी यादव?

तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि मंगनी लाल मंडल को आज निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष का सर्टिफिकेट दे दिया गया है। कर्पूरी जी के साथ वो मंत्री रहे, सांसद रहें, उनके इसका लंबा अनुभव है। हमें पूरा विश्वास है कि उनके नेतृत्व में हमलोग चुनाव जीतेंगे। जगदानंद सिंह जी अस्वस्थ हैं। उनका अनुभव हमें मिलता रहेगा। तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव है। मुझे उम्मीद है कि जगदा बाबू को भी राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी मिलेगी। बता दें कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बिहार के पूर्व कैबिनेट मंत्री मंगनी लाल मंडल को आरजेडी का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।

राजद के प्रदेश अध्यक्ष बने मंगनी लाल मंडल

दरअसल पटना में गुरुवार को राज्य परिषद की बैठक में यह घोषणा की गई। राज्य परिषद की बैठक में लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव भी मौजूद रहे। इनके अलावा मीसा भारती समेत पार्टी के कई सीनियर नेता भी मौजूद रहे। लालू यादव और तेजस्वी की मौजूदगी में मंगनी लाल मंडल को प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित होने की घोषणा की गई। मंडल के अलावा इस पद के लिए किसी ने नामांकन नहीं किया था। इसलिए वे निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष बने हैं। बता दें कि मंगनी लाल ने 80 वर्षीय जगदानंद सिंह की जगह ली है। मंडल अत्यंत पिछड़ा वर्ग (ईबीसी) से आते हैं, जो राज्य की आबादी का 36 प्रतिशत है। वे इस बड़े जनसांख्यिकीय समूह से राज्य में किसी प्रमुख राजनीतिक दल का नेतृत्व करने वाले पहले व्यक्ति हैं। तेजस्वी यादव ने इसे ऐतिहासिक बताया।