1. Hindi News
  2. बिहार
  3. हमले की फिराक में आतंकी! पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को किया अलर्ट, एसपी को लिखी चिट्ठी

हमले की फिराक में आतंकी! पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को किया अलर्ट, एसपी को लिखी चिट्ठी

बिहार पुलिस मुख्यालय द्वारा भेजी गई इस चिट्ठी में आतंकवादी गतिविधियों के विरुद्ध की जाने वाली कार्रवाइयों और उनके खिलाफ बनायी जा रही योजनाओं को लेकर रिएक्शन की बात कही गई है।

Bihar police- India TV Hindi
Image Source : FILE बिहार पुलिस

पटना:  पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच आतंकी किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। इसी आशंका के मद्देनजर बिहार पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के एसपी को अलर्ट रहने को कहा है। इस संबंध में बिहार पुलिस मुख्यालय की ओर से सभी जिलों के एसपी को चिट्ठी भेजी गई है।

आतंकी संगठन कर सकते हैं हिंसक वारदात

बिहार पुलिस मुख्यालय द्वारा भेजी गई इस चिट्ठी में आतंकवादी गतिविधियों के विरुद्ध की जाने वाली कार्रवाइयों और उनके खिलाफ बनायी जा रही योजनाओं को लेकर रिएक्शन की बात कही गई है। रिएक्शन के तौर पर आतंकी संगठनों के द्वारा हिंसक तथा विध्वंसक कार्रवाई किये जाने की संभावना जतायी गयी है।

सभी जिलों के एसपी को भेजी गई चिट्ठी

बिहार पुलिस मुख्यालय द्वारा सभी जिलों के एसपी को 5 मई को यह चिट्ठी लिखी गई है। चिट्ठी में लिखा गया है- जम्मू कश्मीर राज्य के पहलगाम में दिनांक 22.04.2025 को आतंकी हमले के बाद विभिन्न स्तर पर भिन्न भिन्न प्रतिक्रियाएं दी जा रही हैं। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया तथा सोशल मीडिया पर हमले से जुड़े वीडियो तथा तस्वीरों अलग-अलग टिप्पणियों के साथ पेश करने के कारण सामाजिक तथा साम्प्रदायिक वातावरण आवेशित हो रहा है। देश में आतंकवादी गतिविधियों के विरुद्ध की जाने वाली कार्रवाइयों और आतंकियों के खिलाफ बनायी जा रही योजनाओं को लेकर भी प्रतिक्रिया हो सकती है। इस प्रतिक्रिया के स्वरूप आतंकी संगठनों हिंसक तथा विध्वंसक कार्रवाई कर सकते हैं।

अहम जगहों पर नजर रखने के निर्देश

आतंकवादी संगठनों के द्वारा आतंक फैलाने तथा आंतरिक सुरक्षा को प्रभावित करने के उद्देश्य से राजनीतिक / धार्मिक व्यक्तित्वों, सुरक्षा बलों के पदाधिकारी/सुरक्षा कर्मियों, सुरक्षा और औद्योगिक संस्थानों, महत्वपूर्ण संवेदनशील संस्थानों, रेलवे की आधारभूत संरचनाओं, भीड़ भाड़ वाले स्थलों, धार्मिक आयोजनों, धार्मिक स्थलों तथा विशिष्ट व्यक्तियों को लक्षित कर हिंसक कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के एसपी को अलर्ट रहने और निगरानी बनाए रखने का आदेश दिया है।