1. Hindi News
  2. बिहार
  3. तनिष्क शोरूम में 17 लाख की चोरी, फेक पेमेंट दिखाकर सोने के कंगन और चेन उड़ाने वाला कैशियर गिरफ्तार

तनिष्क शोरूम में 17 लाख की चोरी, फेक पेमेंट दिखाकर सोने के कंगन और चेन उड़ाने वाला कैशियर गिरफ्तार

तनिष्क शोरूम से 17 लाख के सोने के आभूषण चोरी और फर्जी पेमेंट का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने शोरूम के कैशियर को गिरफ्तार किया है। जबकि उसका एक साथ फरार चल रहा है।

तनिष्क के शोरूम में चोरी - India TV Hindi
Image Source : INDIA TV तनिष्क के शोरूम में चोरी

बिहार के हाजीपुर में तनिष्क शोरूम से 17 लाख के सोने के आभूषण चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने शोरूम के ही कैशियर मोहम्मद इरफान को इस मामले में गिरफ्तार किया है जिसने फेक पेमेंट अपडेट कर सोने के आभूषण गायब कर दिए थे। चोरी का पूरा सामान भी बरामद कर लिया गया है।

तनिष्क शोरूम में 17 लाख के आभूषण चोरी का मामला

ये मामला हाजीपुर के तनिष्क शोरूम का है। शोरूम प्रबंधन को स्टॉक मिलान के दौरान 17 लाख रुपये के आभूषण कम मिले। जब CCTV और पेमेंट रिकॉर्ड खंगाले गए तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। शोरूम में कैशियर के पद पर काम करने वाले मोहम्मद इरफान ने सिस्टम में फेक पेमेंट अपडेट दिखाया था। पेमेंट सक्सेस दिखाकर उसने ग्राहक को बिना पैसे लिए ही सोने के आभूषण दे दिए थे, जबकि असल में वो आभूषण उसने अपने सहयोगी के साथ मिलकर गायब कर दिए थे। 

शोरूम के कैशियर से सोने के आभूषण बरामद

मामले की शिकायत मिलते ही सदर थाना पुलिस ने जांच शुरू की। SDPO सदर-1 सुबोध कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। तकनीकी जांच और पूछताछ के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी कैशियर मोहम्मद इरफान को गिरफ्तार कर लिया, जिसने इस पूरी हेराफेरी की साजिश रची थी। गिरफ्तार आरोपी सोनपुर का रहने वाला है। पुलिस ने उसके पास से चोरी किए गए 17 लाख के सोने के आभूषण भी बरामद कर लिए हैं।

कैशियर इरफान ने रची साजिश

SDPO सुबोध कुमार ने बताया कि आरोपी इरफान शातिर तरीके से कई दिनों से इस तरह की हेराफेरी की योजना बना रहा था। उसने पेमेंट गेटवे में फर्जी एंट्री कर मैनेजमेंट को गुमराह किया। पुलिस के मुताबिक इस वारदात में उसका एक दूसरा सहयोगी भी शामिल है जिसकी तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। फिलहाल गिरफ्तार कैशियर से पूछताछ जारी है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसके फरार सहयोगी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

इनपुट: राजा बाबू, हाजीपुर, बिहार