इंस्टाग्राम से शुरू हुई प्रेम कहानी, शादी, जेल और अंत में धोखे की भेंट चढ़ गई। मामला बिहार के मुजफ्फरपुर का है जहां एक 22 साल के लड़के ने साड़ी का फंदा बनाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। महज तीन महीने पहले ही वह अपनी मोहब्बत के खातिर दो साल की सजा काटकर जेल से घर लौटा था, लेकिन जेल से आने के बाद पत्नी से मिले धोखे से दिल टूट गया और गहरे मानसिक तनाव ने उसकी जान ले ली।
सोशल मीडिया पर प्यार और शादी
यह दर्दनाक मामला मीनापुर थाना क्षेत्र की अलीनेउरा पंचायत के गांव छेगन नेउरा का है जहां शनिवार को विनोद राम के 22 साल के बेटे अमरजीत राम का शव उसके कमरे में साड़ी के फंदे से लटकता हुआ मिला। सुबह जब परिजनों ने उसे इस हालत में देखा तो घर में कोहराम मच गया। जवान बेटे की मौत से पूरे घर में मातम पसरा है। सूचना मिलने पर मीनापुर पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इंस्टाग्राम पर चैटिंग और प्यार
मृतक के चचेरे भाई अमर कुमार के अनुसार, अमरजीत को इंस्टाग्राम पर रील्स देखने और चैटिंग करने के दौरान उत्तर प्रदेश के जौनपुर की रहने वाली सुरभि पटेल से प्यार हो गया था। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और देखते ही देखते प्रेम संबंध शादी तक पहुंच गया। दोनों ने परिवार की मर्जी के बिना प्रेम विवाह कर लिया।
शादी के बाद लड़की के पिता ने लगाया अपहरण और जबरन विवाह का आरोप
शादी के बाद इस प्रेम कहानी में नया मोड़ आया। युवती के पिता ने जौनपुर में अमरजीत के खिलाफ अपहरण और शादी का मामला दर्ज करा दिया। युवती के नाबालिग होने की बात सामने आने के बाद जुवेनाइल कोर्ट के आदेश पर अमरजीत को करीब दो साल जेल में बिताने पड़े। लगभग तीन महीने पहले वह जेल से रिहा होकर अपने गांव लौटा था।
प्यार में मिले धोखे के बाद युवक ने लगाई फांसी
परिजनों का कहना है कि जेल से लौटने के बाद भी दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होती थी। इसी बीच बुधवार को युवती ने अमरजीत को फोन कर बताया कि वह घर छोड़कर मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन पहुंच गई है। पत्नी के आने की खबर सुनते ही अमरजीत गाड़ी लेकर स्टेशन पहुंच गया। उसने काफी देर तक स्टेशन और आसपास के इलाकों में पत्नी की तलाश की, लेकिन वह कहीं नहीं मिली।
बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद से अमरजीत काफी परेशान और मानसिक तनाव में रहने लगा था। आखिरकार शनिवार को उसका शव फंदे से लटका मिला। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आत्महत्या के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
इनपुट: संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर, बिहार