उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा हाटा कोतवाली क्षेत्र के NH-28 पर थरुआडीह के पास हुआ, जहां एक ओमनी कार और ट्रेलर के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
रिश्तेदार के वहां से लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, कार सवार परिवार एक रिश्तेदारी में आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उनकी कार ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में गंभीर रूप से घायल दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। बताया जा रहा है कि मृतकों में एक ही परिवार के पांच लोग शामिल हैं। परिवार कुशीनगर के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव का निवासी बताया जा रहा है।
तेज रफ्तार SUV की टक्कर से तीन की मौत, एक गंभीर
इससे पहले, उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में रविवार शाम रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार एसयूवी ने दो मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीन युवकों अनूप (18), विमलेश (19) और अनिल यादव (17) की मौत हो गई, जबकि गया प्रसाद (17) गंभीर रूप से घायल हो गया। चारों युवक भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने जा रहे थे। हादसा बैसनपुरवा गांव के पास राजमार्ग पार करते समय हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक मोटरसाइकिल करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने राजमार्ग जाम कर दिया और एसयूवी चालक की पिटाई की। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को भीड़ से बचाया और करीब एक घंटे बाद यातायात बहाल कराया। घायल किशोर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
मथुरा में दो बसों और कैंटर की भीषण टक्कर, कई यात्री घायल
वहीं, यूपी के मथुरा में गुरुवार तड़के करीब 3:15 बजे यमुना एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 101 के पास दो यात्री बसों और कांच से भरे कैंटर की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में कैंटर पलट गया, जबकि आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, नोएडा से आगरा की ओर जा रही विश्वनाथ ट्रैवल्स की बस ने ओवरटेक करने के दौरान कैंटर को टक्कर मार दी, तभी पीछे से आ रही ट्रैवल पॉइंट की दूसरी बस भी कैंटर से भिड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
(रिपोर्ट- उदय सिंह)
ये भी पढ़ें-
दीपोत्सव की सच्ची भावना क्या है? CM योगी ने जनता के नाम लिखी पाती में बताया