बिहार की राजधानी पटना में कारोबारी अंजनी कुमार हत्याकांड के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसी मामले में मुख्य आरोपी बताए जा रहे सौरभ कुमार के साथ बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के कल्याण बीघा रोड पर पुलिस की मुठभेड़ हुई। इस दौरान सौरभ के पैर में गोली लगी, जबकि महिला सब-इंस्पेक्टर पूजा कुमारी भी घायल हो गईं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में रविवार की अहले सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। कल्याण बीघा रोड पर हुई इस मुठभेड़ में अपराधी के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। घायल की पहचान सौरभ सिंह (28), निवासी पत्रकार नगर, कंकड़बाग, पटना के रूप में बताई गई है।
महिला दारोगा घायल
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के कल्याण बीघा रोड पर कार्रवाई के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान सब-इंस्पेक्टर पूजा कुमारी ने आरोपी पर गोली चलाई। मुठभेड़ में सौरभ कुमार के पैर में गोली लगी। वहीं, महिला सब-इंस्पेक्टर पूजा कुमारी भी घायल हो गईं। उन्हें भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है।
2 मैगजीन, 14 गोलियां और 2 हथियार बरामद
पुलिस की कार्रवाई के दौरान 2 मैगजीन, 14 गोलियां और 2 हथियार बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी बताए जा रहे सौरभ कुमार का नाम सामने आया है। वह लखीसराय का रहने वाला बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सौरभ की उम्र करीब 28 वर्ष बताई गई है।
20 लाख रुपये की सुपारी लेने का आरोप
इस हत्याकांड में सौरभ पर कारोबारी अंजनी कुमार की हत्या के लिए बिल्डर से 20 लाख रुपये की सुपारी लेने का आरोप है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर हत्या की साजिश, कथित सुपारी और अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।
बता दें कि रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र में कारोबारी अंजनी कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। बाढ़ के पुलिस पदाधिकारी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में एसटीएफ और स्थानीय थाना पुलिस की टीम ने 24 अक्टूबर को छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इससे पहले अभी हाल में ही गया जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई थी। दरोगा के बेटों को गोली मारने वाले दो आरोपी घायल हो गए थे।
रिपोर्टः बिट्टू कुमार
ये भी पढ़ेंः पटना में 20 साल के लड़के ने अपने डेढ़ साल के छोटे भाई का सिर काटा, मंदिर परिसर में की बेरहमी से हत्या