बिहार के बांका जिले में मौसम के बदलते मिजाज के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। खेत में रोपनी कर रही तीन महिलाओं की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि एक किशोर और एक किशोरी गंभीर रूप से झुलस गए हैं। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कहां का मामला
बांका जिले के चांदन प्रखंड अंतर्गत सुईया थाना क्षेत्र के बोंड़ा गांव में मंगलवार की शाम बारिश के दौरान हुए वज्रपात की चपेट में आने से तीन महिलाओं की मौत हो गयी, जबकि एक किशोर और एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गये। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गयी। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी पांचों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटोरिया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। जबकि दोनों घायल बच्चों का अस्पताल में इलाज जारी है।
बताया गया कि मंगलवार की शाम बोंड़ा गांव में महिलाएं खेत में धान रोपने के काम में जुटी थीं। इसी दौरान अचानक तेज बारिश के साथ जोरदार वज्रपात हुआ। इसकी चपेट में खेत में मौजूद पांच लोग आ गये। वज्रपात की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी को आनन-फानन में इलाज के लिए कटोरिया अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान बोंड़ा गांव निवासी शंभू यादव की 45 वर्षीय पत्नी कुसमी देवी, टीपन यादव की 35 वर्षीय पत्नी रिंकू देवी और राजेंद्र यादव की 38 वर्षीय पत्नी रेणु देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों महिलाएं आपस में गोतनी थीं। एक ही परिवार से जुड़ी तीन महिलाओं की एक साथ मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं वज्रपात की चपेट में आने से सौरभ कुमार, पिता टीपन यादव और रानी कुमारी, पुत्री स्वर्गीय कार्तिक यादव घायल हो गये। दोनों की स्थिति गंभीर बतायी जा रही है। चिकित्सकों की निगरानी में दोनों का इलाज किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजन कटोरिया अस्पताल पहुंच गये। तीन महिलाओं की मौत और दो बच्चों के घायल होने की घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों के बीच भी गहरा शोक व्याप्त है।
विधायक ने जताया दुख
घटना पर बेलहर के जदयू विधायक मनोज यादव ने गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि एक ही परिवार की तीन महिलाओं की मौत बेहद दुखद है। खेत में काम कर रहे लोगों को खाना देने पहुंचे किशोर और किशोरी भी वज्रपात की चपेट में आकर झुलस गये। विधायक ने कहा कि इस दुख की घड़ी में वे और उनके सभी कार्यकर्ता पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने बिहार सरकार से मिलने वाली मुआवजा राशि जल्द से जल्द पीड़ित परिवार को दिलाने का आश्वासन दिया।
(रिपोर्ट - बंटी कुमार)