बिहार में अररिया जिले के फारबिसगंज स्थित एक स्कूल में शिक्षक ने दबंगई दिखाते हुए एक बच्चे की बेरहमी से पिटाई की है। मंगलवार को फारबिसगंज स्थित शिशु भारती स्कूल के एक छात्र की शिक्षक द्वारा कथित रूप से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में चौथी कक्षा में पढ़ने वाला छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। छात्र की मां ने आरोप लगाया है कि शिक्षक ने पिटाई के दौरान उसके बेटे की गर्दन मरोड़ दी, जिससे गर्दन में अंदरूनी चोट आई है। अब इस मामले में स्कूल के प्रिंसिपल ने सफाई देते हुए कहा है कि टीचर पर लगाए जा रहे सारे आरोप निराधार है। अभिभावकों ने भी दर्जनों लोगों को बुला कर शिक्षक के ऊपर हमला करवाया गया जिससे शिक्षक भी घायल हो गए हैं।
बच्चे की खराब तबियत सुनकर शिक्षक ने की पिटाई
मिली जानकारी के अनुसार, छात्र की तबीयत कुछ खराब थी। इसी दौरान उसने शिक्षक असीम दत्ता को अपनी तबीयत खराब होने की बात बताई। आरोप है कि छात्र की बात सुनकर शिक्षक नाराज हो गए और उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी। परिजनों का आरोप है कि मारपीट के दौरान बच्चे की गर्दन भी मरोड़ दी गई, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे जहां बच्चे की गर्दन में चोट आने की पुष्टि हुई है।
चिकित्सक ने बताया बच्चे की गर्दन में आयी है चोट
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन आनन-फानन में विद्यालय पहुंचे और बच्चे को इलाज के लिए फारबिसगंज अनुमंडल अस्पताल ले गए। फिलहाल छात्र का उपचार कराया जा रहा है। बच्चे की स्थिति को लेकर परिजन चिंतित हैं। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने बताया कि बच्चे को गर्दन में चोट लगी है और जांच किया जा रहा है।
परिजनों में आरोपी शिक्षक के खिलाफ आक्रोश
घटना के बाद परिजनों में विद्यालय प्रबंधन और आरोपी शिक्षक के खिलाफ आक्रोश है। छात्र की मां ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि स्कूल में बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी भी शिक्षक को छात्र के साथ इस तरह की मारपीट करने का अधिकार नहीं है। मामले को लेकर विद्यालय प्रबंधन भले ही सफाई पेश कर रहा हो, लेकिन सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी।
अररिया से अरुण कुमार की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें: