1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पटना के फतुहा में भीषण सड़क हादसा, पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत, अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

पटना के फतुहा में भीषण सड़क हादसा, पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत, अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

बिहार की राजधानी पटना के फतुहा थाना क्षेत्र के पास एक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। पिता-पुत्र की एक साथ मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया है।

पटना फतुहा सड़क हादसा- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV पटना फतुहा सड़क हादसा

बिहार की राजधानी पटना के फतुहा थाना क्षेत्र अंतर्गत धोबा पुल के पास सोमवार कि शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों को किसी अज्ञात वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों बिहार शरीफ के दीपनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत राणाबीघा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। पिता-पुत्र की एक साथ मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया है। 

धोबा पुल के पास हुआ हादसा

इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले पिता की पहचान अरविंद प्रसाद आर्या और उनके पुत्र की पहचान ज्ञानदेव कुमार के रूप में हुई है। दोनों नालंदा जिले के बिहार शरीफ स्थित दीपनगर थाना क्षेत्र के राणाबीघा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। सोमवार शाम दोनों मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान फतुहा थाना क्षेत्र के धोबा पुल के पास हादसा हो गया। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके में हलचल मच गई। हादसे की खबर मिलने के बाद मृतकों के परिजनों और परिचितों के बीच शोक की लहर दौड़ गई। एक ही परिवार के दो सदस्यों की एक साथ मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस दुर्घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाने में लगी हुई है। पुलिस अब दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान करने की कोशिश कर रही है। फतुहा में हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल, पुलिस की जांच के बाद ही दुर्घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

पटना से बिट्टू कुमार की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें-

'छोटे मियां और बड़े मियां को घुसपैठियों से प्यार', सीएम योगी ने अखिलेश और राहुल पर साधा निशाना

लखनऊ में कार खड़ी करने को लेकर दिनदहाड़े ट्रिपल मर्डर, अंधाधुंध फायरिंग में 3 की मौत, आरोपी को पुलिस ने पकड़ा