1. Hindi News
  2. बिहार
  3. दरभंगा में शराब लदी ट्रक पलटी, बोतलें लूटने की मची होड़, हादसे के साढ़े चार घंटे बाद पहुंची पुलिस

दरभंगा में शराब लदी ट्रक पलटी, बोतलें लूटने की मची होड़, हादसे के साढ़े चार घंटे बाद पहुंची पुलिस

बिहार में शराबबंदी लागू है, लेकिन इसके बावजूद इसकी तस्करी नहीं रुक रही है। ताजा मामला दरभंगा से सामने आया है जहां शराब से लदी ट्रक पलट गई। जानें क्या है पूरा मामला।

दरभंगा में शराब लदी ट्रक पलटी, बोतलें लूटने की मची होड़, हादसे के साढ़े चार घंटे बाद पहुंची पुलिस - India TV Hindi
Image Source : INDIA TV दरभंगा में शराब लदी ट्रक पलटी, बोतलें लूटने की मची होड़, हादसे के साढ़े चार घंटे बाद पहुंची पुलिस

बिहार में शराबबंदी लागू हुए बरसों बीत चुके हैं, लेकिन राज्य में अवैध शराब की तस्करी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला दरभंगा जिले से सामने आया है, जहां शराब से लदी एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन इसके बाद जो नजारा देखने को मिला, उसने कानून-व्यवस्था और पुलिस की गश्ती पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कहां का मामला
दरभंगा के बहेड़ी थाना क्षेत्र के बघौल-अटहर मुख्य सड़क पर परवाहा बांध के पास बुधवार देर रात करीब 2 बजे शराब लदी एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद ट्रक में लदी शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं। ट्रक पलटने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। इसके बाद कई लोग ट्रक से शराब की बोतलें निकालकर ले जाने लगे। देखते ही देखते शराब लूटने की होड़ मच गई।

साढ़े चार घंटे बाद पहुंची पुलिस
स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना की सूचना पुलिस को दी गई थी, लेकिन पुलिस करीब सुबह 6:30 बजे घटनास्थल पर पहुंची। उस समय तक मौके पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ मौजूद थी। पलटे ट्रक का रजिस्ट्रेशन नंबर HR 45C 8635 बताया गया है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शराब की कितनी मात्रा ट्रक में लदी थी और कितनी शराब मौके से गायब हुई, इसकी जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस 
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि शराब की यह बड़ी खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता ने बताया कि वायरल वीडियो और फोटो की मदद से शराब लूटने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। उन्होंने शराब ले जाने वाले सभी लोगों से बोतलें वापस लौटाने की अपील की है।

(रिपोर्ट - Jitendra Kumar)